भोजपुर जिले के संदेश थाना क्षेत्र के सरैया गांव में कुएं में गिरकर डूबने से एक 8 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उसने बुधवार की देर शाम रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृत बालक संदेश थाना क्षेत्र के सरैया गांव निवासी विनय चौधरी का आठ वर्षीय पुत्र अनिकेत कुमार है। इधर मृत बालक के परिजन मिट्ठू ने बताया कि बुधवार की शाम वह घर के बाहर कुएं के पास गांव के ही कुछ बच्चों के साथ खेल रहा था।
जहां खेलने के दौरान वह अचानक कुएं में जा गिरा और डूब गया। कुछ देर बीत जाने के बाद उसके साथ खेल रहे बच्चों ने उसके घर जाकर परिजनों से कहा कि वह कुएं में डूब गया है। सूचना पाकर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों के सहयोग से उसे कुंए से बाहर निकाला। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए संदेश रेफरल अस्पताल ले गए।
जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालांकि परिजन अभी उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल ला ही रहे थे। तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन उसे आरा सदर अस्पताल ले आए जहां चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके पश्चात परिजन अपनी स्वेच्छा से शव का बिना पोस्टमार्टम कराये ही वापस गांव ले गए।
बताया जाता है कि मृत बालक अपने दो भाई व एक बहन में बड़ा था। मृत बालक के परिवार में मां गुड़िया देवी व एक भाई सुमित कुमार एवं एक बहन सौम्या कुमारी है। घटना के बाद मृत बालक के घर में कोहराम मच गया है। घटी इस घटना के बाद बालक की गुड़िया देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।



Leave a Reply