बेतिया में इस बार महाशिवरात्रि का पर्व शहर के सागर पोखरा स्थित शिव मंदिर के प्रांगण में विशेष आकर्षण वाला होगा। महाशिवरात्रि महोत्सव को यादगार बनाने के लिए पूजा कमेटी के सभी सदस्य सक्रिय हो चुके हैं। महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर शिव और पार्वती के श्रृंगार के लिए कोलकाता से फूल मंगवाई जा रही है। 24 घंटे के अंदर कुल 6 बार अलग-अलग सामग्रियों के साथ भोलेनाथ का अद्भुत और आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। इसमें कमल का फूल, दुर्वा, रुद्राक्ष, खोवा और भस्म आदि शामिल है।
50 से अधिक ब्राह्मण करेंगे शिव तांडव का पाठ
प्रतिवर्ष की तरह इस बार भी अयोध्या,काशी,प्रयागराज और उज्जैन से लगभग 500 ब्राह्मण बेतिया पधार रहे हैं। ये 17 तारीख की दोपहर तक बेतिया पहुंच जाएंगे। ब्राह्मणों की इस टोली में शिव तांडव का पाठ करने वाले 50 से अधिक ब्राह्मण शामिल हैं। जो महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रातः काल से लेकर रात्रि तक शिव तांडव का पाठ करेंगे।वहीं महाशिवरात्रि के अवसर पर महाप्रसाद की तैयारी करने के लिए 300 से अधिक प्रशिक्षित हलवाई को बुलाया गया है।
माया नगरी मुंबई और पटना के कलाकार देंगे अपनी भक्तिमय प्रस्तुति
महाशिवरात्रि महोत्सव के अवसर पर रात में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम और बारात के दौरान निकालने वाली झांकी के कलाकार पटना से बुलाए गए हैं। झांकी निकालने वाले कलाकारों में अधिकतर बंगाली हैं जिनके पास कार्य का पुराना अनुभव है। भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने के लिए मुंबई और पटना से कलाकार बुलाए गए हैं। नासिक और मुंबई से ढोल बजाने वाले लगभग 100 सदस्यों की टीम बेतिया पहुंच रही है। यह सभी सदस्य प्रशिक्षित हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रस्तुति दे चुके हैं। बारात के समय में उपस्थित हजारों लोगों को ढोल की ध्वनि से मंत्र मुक्त कर देंगे।



Comment here