Breaking News

14 फरवरी को मुजफ्फरपुर पहुंचेंगे नीतीश:इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम का करेंगे उद्घाटन

जिले में 14 फरवरी काे सीएम की समाधान यात्रा की 4 स्थानों पर तैयारी चल रही है। अपनी यात्रा में मुख्यमंत्री शहर में आने के बाद नगर भवन के पास सिटी पार्क का भ्रमण कर वहां नवनिर्मित इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सिस्टम का उद्घाटन कर सकते हैं। इसके साथ ही पूर्व से सकरा प्रखंड की सकरा वाजिद पंचायत में जारी तैयारी के बीच शनिवार से बाेचहां के पटियासा व मुशहरी प्रखंड के शेरपुर पंचायत सरकार भवन में कार्यक्रम की तैयारी शुरू हाे गई है।

हालांकि, डीएम प्रणव कुमार ने रविवार काे सीएम हाउस से स्वीकृति मिलने के बाद समाधान यात्रा के कार्यक्रम स्थल की घोषणा किए जाने की बात कही। प्रशासन सिटी पार्क में कार्यक्रम की तैयारी कर रहा है। सिटी पार्क में सीएम के भ्रमण के साथ विभिन्न विभागों की योजनाओं का शिलान्यास व उद्घाटन भी कराया जाएगा। डीएम ने नगर आयुक्त नवीन कुमार काे इस स्थान पर कार्यक्रम की तैयारियों की जिम्मेदारी सौंपी है। डीडीसी आशुतोष द्विवेदी काे सकरा वाजिद, पटियासा व शेरपुर का जिम्मा दिया गया है।

आला अधिकारियों ने शेरपुर पंचायत सरकार भवन का किया निरीक्षण

शेरपुर में शनिवार काे सीएम के कार्यक्रम की जानकारी के बाद डीएम प्रणव कुमार, डीडीसी आशुतोष द्विवेदी, एसडीओ पूर्वी ज्ञान प्रकाश समेत अधिकतर विभागों के आला अधिकारियों ने शेरपुर पंचायत सरकार भवन का निरीक्षण किया। इस स्थान पर हेलिपैड से लेकर पंचायत सरकारी भवन व स्वास्थ्य केंद्राें के साथ ही निर्धारित मार्ग की मरम्मत व बैरिकेडिंग के साथ रंग-राेगन का निर्देश पथ निर्माण व भवन निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता काे दिया गया है। डीएम ने सीएम के कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा करने के साथ ही रविवार काे कार्यक्रम स्थल का निर्धारण हाे जाने की बात कही है। मुजफ्फरपुर से मुख्यमंत्री समस्तीपुर प्रस्थान कर जाएंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.