Viral Video:किराने या अन्य सामान मंगाने के लिए बहुत सारे लोग स्विगी, बिग बास्केट और ब्लिंकिट जैसे इंस्टेंट डिलीवरी एप्लिकेशन का उपयोग करते हैं. इन एप्लिकेशन ने बहुत से लोगों के जीवन को आसान बना दिया है. इससे तमाम सारी समस्याएं दूर हो गई हैं. न मार्केट जाने का झंझट और न ही खुले पैसे देने का संकट. घर पर आपके सामान आ जाता है और ऑनलाइन भुगतान की भी सुविधा है. हालांकि, ट्विटर पर एक शख्स ने एक तस्वीर पोस्ट की है जो भयानक है. इस शख्स ने ब्लिंकिट से ब्रेड का एक पैकेट मंगवाया और उसके अंदर एक चूहा फंसा हुआ मिला
वायरल हो रहे इस वीडियो को नितिन अरोड़ा ने अपने ट्विटर हैंडल @NitinA14261863 से शेयर किया. वीडियो और फोटो में आप ब्रेड के पैकेट के अंदर एक चूहे को घूमते हुए देख सकते हैं. नितिन ने बताया कि एक फरवरी को उन्होंने यह ऑर्डर किया था. उन्होंने कैप्शन में लिखा, इस तरह के आइटम लेने के बजाय मैं कुछ घंटों इंतजार करना पसंद करुंगा. उन्होंने सामान पहुंचाने वाली कंपनी के सपोर्ट एक्जीक्यूटिव के साथ अपनी चैट का एक स्क्रीनशॉट भी शेयर किया है.
कंपनी ने मांगी माफी
कंपनी ने उनके ट्वीट पर जवाब दिया और माफी मांगी. ब्लिंकिट की ओर से कहा गया, हां, हम देख सकते हैं. आपकी चिंता वाजिब है. हम इस व्यवहार के लिए आपसे माफी मांगते हैं. हमने इसे नोट किया है और गहराई से इसकी छानबीन की जाएगी. हम और सुरक्षा उपाय अपनाएंगे ताकि आगे इस तरह की घटना न हो. हम नहीं चाहेंगे कि आगे इस तरह का कोई अनुभव किसी के साथ हो. कंपनी ने नितिन ने अपना फोन नंबर और ऑर्डर नंबर भी शेयर करने के लिए कहा ताकि आगे की छानबीन की जा सके.
इंटरनेट यूजर हक्के बक्के रह गए
नितिन के पोस्ट करने के बाद यह ट्वीट वायरल हो गया. 15 हजार से ज्यादा बार इसे देखा गया. कई यूजर्स चौंक गए. एक शख्स ने लिखा, देर आए दुरुस्त आए. अच्छी और सुरक्षित डिलीवरी सुनिश्चित करने की कोशिश करें. एक ने लिखा, मुझे आश्चर्य है कि यह ब्रेड कई चरणों से गुजरा होगा, इसके बावजूद किसी ने इसे नहीं देखा. क्या हमारे खाद्य सुरक्षा प्राधिकरण वास्तव में समय-समय पर इन स्थानों का ऑडिट करते हैं और “सुरक्षा” की जांच करते हैं. एक अन्य शख्स ने मजाकिया अंदाज में जवाब दिया. वे आगे चलकर बिल्लियां भी भेजेंगे , तैयार रहिएगा. एक अन्य यूजर ने कहा, अगर मुझे चूहा मिला तो मैं पुलिस को फोन करूंगा। यह बहुत खतरनाक है.



Leave a Reply