Breaking News

वैशाली में धर्म परिवर्तन करवाने वालों की पिटाई, बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पीटा

वैशाली में एक युवक-युवती की जमकर पिटाई की गई। धर्म परिवतर्न के नाम पर पिटाई किए जाने का मामला है। कुछ लोग युवक को बेरहमी से मार रहे थे। जबकि युवती बार-बार उसे छोड़ देने की मिन्नत कर रही थी। इस मारपीट का वीडियो सामने आया है। जिसमें कुछ लोग दोनों से पहले बात करते हैं, फिर दोनों की पिटाई करने लगते हैं।

घटना जिले के जंदाहा क्षेत्र के मुसहरी गांव की है। स्थानीय लोगों का दावा है कि ये दोनों चोरी‎-चुपके अशिक्षित और गरीब लोगों को अलग-अलग तरह के प्रलोभन देकर उनका जबरन धर्म ‎परिवर्तन कराने पहुंचे थे। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को इसकी भनक लग गई। इसके बाद दोनों की जमकर पिटाई कर दी। मारपीट को लेकर थाने में किसी तरह की शिकायत नहीं की गई है।

पिटाई से पहले दोनों से स्थानीय लोगों ने बात की, तो युवक ने कहा कि वो लोग फिर से इस गांव में नहीं आएंगे। लेकिन किसी ने उसकी एक न सुनी और पिटाई कर दी। युवक और महिला बार-बार उन्हें जाने देने की गुहार लगा रहे थे।

हमने लालच नहीं दिया- आरोपी युवक

पिटाई का पूरा वीडियो सामने आया है। इसमें साफ दिख रहा है कि कार्यकर्ता पहले दोनों से बात करते हैं। आरोप लगाते हैं कि दोनों गरीबों को लालच देकर जबरन हिंदू से ईसाई बना रहे हैं। हालांकि, दोनों ने आरोप से इनकार करते हुए कहा कि हमने किसी को लालच नहीं दिया, लोग अपनी मर्जी से हमारे साथ लाए हैं।

युवक की पिटाई करते लोग।

युवक की पिटाई करते लोग।

हमारे राम से खिलवाड़ करेंगे तो बर्बाद कर देंगे

वीडियो में साफ है कि कार्यकर्ता दोनों को समझाते-समझाते उनसे उलझ पड़ते हैं। फिर उनकी पिटाई करने लगते हैं। हालांकि युवती बार-बार कह रही है कि इस बार माफ कर दीजिए। अब नहीं आएंगे। वहीं कार्यकर्ताओं ने उनके साथ मारपीट की और साफ धमकी दी कि हमारे राम के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं करेंगे। तुमको बर्बाद कर देंगे।

महिला ने बीच-बीच बचाव करने की कोशिश की।

महिला ने बीच-बीच बचाव करने की कोशिश की।

जबरन धर्म परिवर्तन करवाने वालों पर कार्रवाई हो- बजरंग दल

इस मामले पर राष्ट्रीय बजरंग दल के जिलाध्यक्ष आर्यन सिंह ने बताया कि कार्यकर्ताओं ने धर्म परिवर्तन करवा रहे लोगों को पहले भी रंगे हाथ पकड़ा और समझाया था। लेकिन ये लोग नहीं समझे। इस बार फिर से लोगों ने दोनों को पकड़ लिया और हल्की मारपीट की गई है। प्रशासन से अपील है कि वो इस मामले को गंभीरता से ले और दोनों पर कार्रवाई करे। गरीबों को बहलाकर धर्म परिवर्तन कराने वाला गिरोह इस इलाके में सक्रिय है।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पहले दोनों को समझाने की कोशिश की।

बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पहले दोनों को समझाने की कोशिश की।

आर्यन सिंह का कहना है कि यह वीडियो यह बताने के लिए पर्याप्त है कि इस इलाके में धर्म परिवर्तन हो रहा है। ये गरीब परिवार के लोगों को टारगेट करते हैं। उन्हें धन और अन्य चीजों का प्रलोभन देकर धर्म परिवर्तन करवाया जाता है। ये गलत है। इस पर कार्रवाई होनी चाहिए।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.