बेगूसराय कोर्ट में 20 साल की पिंकी कुमारी और 22 साल की काजल ने जमकर हंगामा किया। दोनों लड़कियां एक दूसरे से प्यार करती हैं। और साथ ही रहना चाहती हैं। दोनों शुक्रवार को एक दूसरे से शादी करने के लिए कोर्ट पहुंच गईं। परिवार के लोग भी कोर्ट पहुंचे। दोनों को समझाने की कोशिश की गई, लेकिन वो नहीं मानी। दोनों कहने लगीं हम साथ जीएंगे और साथ मरेंगे। दोनों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है।
बेगूसराय कोर्ट कैंपस में शुक्रवार की रात 3 घंटे तक हंगामा हुआ। हंगामा करने वाली दो लड़कियां थीं, जो एक साथ रहना चाहती हैं। पिंकी और आयुषी उर्फ काजल का दावा है कि दोनों आपस में बहुत अच्छी दोस्त हैं। एक दूसरे को बेइंतहा प्यार करती हैं। दोनों ही लड़कियां बालिग हैं।
पिंकी कुमारी नगर थाना इलाके के हर हर महादेव चौक की रहने वाली है, उसकी उम्र 22 साल है। वह अपना घर छोड़कर नगर थाना इलाके के ही हर्रख मुहल्ले की आयुषी उर्फ काजल के साथ रहना चाहती है।
आयुषी उर्फ काजल की उम्र 20 साल है। पिंकी को उसके परिवार वाले अपने साथ ले जाना चाहते थे। इसी बात को लेकर बेगूसराय कोर्ट कैंपस में हंगामा होता रहा।
दर्जनों वकील जुटे, सभी ने समझाया, किसी की बात नहीं मानी
बेगूसराय में दो लड़कियों के बीच दोस्ती की यह कहानी पहली दफा देखने को मिली है। दोनों में दोस्ती साल 2017 में हुई थी। यह दोस्ती धीरे-धीरे उस मुकाम पर पहुंच गई, जहां दोनों एक साथ जीने और मरने को तैयार हो गए।
बात आगे बढ़ती गई और पिंकी के घरवाले इन दोनों की दोस्ती को नापसंद करने लगे। विरोध का सिलसिला आगे बढ़ता गया, तो पिंकी का आयुषी के प्रति प्रेम भी बढ़ता गया।
परिणाम हुआ कि शुक्रवार की अहले सुबह पिंकी, आरुषि के बुलाने पर बाथरूम के वेंटीलेटर से निकल भागी और आयुषी के पास चली आई।
पिंकी के परिवार वालों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। फिर दोनों शुक्रवार की शाम कोर्ट परिसर में एक वकील के पास पहुंच गए। पीछे-पीछे दोनों के परिवार के लोग भी कोर्ट पहुंच गए।
लाख समझाने के बाद भी पिंकी घर लौटने को तैयार नहीं हुई। इस दौरान मौजूद दर्जनों वकीलों ने भी दोनों को समझाने की भरपूर कोशिश की, लेकिन पिंकी नहीं मानी।
आयुषी भी उसे साथ ले जाने पर अड़ी रही। आखिर में वकीलों ने दोनों से बांड भरवाकर दोनों को पुलिस के हाथों आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया।
वकीलों के द्वारा भरवाए गए बांड में आयुषी ने पिंकी को अपने साथ रखने और उसकी सारी जवाबदेही उठाने की बात कही। चर्चा यह भी रही कि दोनों आपस मे शादी करना चाहती हैं। हालांकि किसी ने इस बारे में कुछ नहीं कहा।

पिंकी की मां बोली – नौकरी लगवाने का झांसा दे रही आयुषी
इस दौरान पिंकी की मां ने आयुषी पर कई आरोप भी लगाए। कहा कि वह उनकी बेटी को नौकरी लगवाने का झांसा दे रही है। कहती है कि 7 लाख रुपया लाओ तो पुलि्स में जॉब लगवा देंगे।
पिंकी भी उसकी बातों में आ गई है। कहती है कि जॉब करेंगे और फिर काजल के साथ ही रहेंगे। हम सिर्फ चाहते हैं कि मेरी बेटी वापस आ जाए।

कोर्ट कैंपस में वकीलों ने दोनों को समझाने की बहुत कोशिशें की।
दोनों ने बॉन्ड में लिखा – एक-दूसरे के साथ रहेंगे
बेगूसराय में न्याय के मंदिर में कई घंटे तक चले इस हाई वोल्टेज ड्रामे में पिंकी ने अपने परिवार और अपने मां-पिता पर कई गंभीर आरोप लगाए।
खचाखच भरे वकीलों के चेंबर में पिंकी और आयुषी को समझाने की कोशिश की जाती रही। लेकिन पिंकी लगातार आयुषी के साथ जीने और मरने की बात करती रही।
पिंकी ने कहा कि इसके लिए जो भी कीमत चुकानी पड़ेगी, वह चुकाने को तैयार है। लेकिन वह आयुषी के साथ ही रहेगी। आयुषी भी पिंकी को साथ रखने के अलावा किसी की कोई बात मानने को राजी नहीं हुई।
मामले में वकीलों ने बताया कि उन्हें यह नहीं पता है कि दोनों एक दूसरे से शादी करना चाहते हैं या नहीं। पर वह एक दूसरे के साथ जीना-मरना जरूर चाहते हैं। दोनों बालिग हैं और दोनों बीए में पढ़ती हैं। इसमें कोई कुछ नहीं कर सकता।



Leave a Reply