Breaking News

देश के हर कोने में गया के तिलकुट की डिमांड:मकर संक्रांति तक 5 करोड़ रुपए से ऊपर का होगा कारोबार

शास्त्रों के अनुसार मकर संक्रांति का पर्व 15 जनवरी को है। भगवान सूर्य 14 जनवरी की देर रात मकर राशि में प्रवेश करेंगे। इस कारण संक्रांति का पर्व अगले दिन यानि रविवार को मनेगा। इस दिन श्रद्धालु दान-पुण्य के बाद चूड़ा, दही, तिलकूट के साथ-साथ खिचड़ी का सेवन कर सकते है। आचार्य नवीन चंद्र मिश्र वैदिक ने बताया कि पर्व-त्योहार में दिन का भेद खत्म हो जाता है। इस वजह से रविवार को भी खिचड़ी के साथ तिल का सेवन कर सकते है। वहीं परंपरागत तरीके से मनाने वाले लोग 14 जनवरी को भी संक्रांति का पर्व मना सकते है।

इधर मकर संक्रांति को लेकर खासकर गया की मिठास तिलकुट का बाजार गर्म हो गया है। व्यापारियों की माने तो इस बार मकर संक्रांति तक पांच करोड़ रुपए से ऊपर के तिलकुट का कारोबार होने की उम्मीद है। तिलकुट की विशेष बिक्री आठ जनवरी से ही शुरू हो चुकी है। छोटे से लेकर बड़े व्यवसायियों ने काफी अच्छी तैयारी कर रखी है। शुद्धता को ध्यान में रखते हुए दिन-रात तिलकुट की कुटाई हो रही है।

गया के तिलकुट से ग्राहकों का पुराना रिश्ता

शहर के कोईरीबारी मुहल्ले में स्थित साधु जी तिलकुट भंडार। प्रोपराइटर विकास गुप्ता उर्फ चुन्नु ने बताया कि वर्ष 1975 से इनके द्वारा तिलकुट की बिक्री की जा रही है। इन्होंने बताया कि छोटे से लेकर बड़े दुकानों को जोड़ दें तो इस बार पांच करोड़ से ऊपर तिलकुट के कारोबार की उम्मीद है। आठ जनवरी से इसकी बिक्री शुरू हो चुकी है। उन्होंने बताया कि तिल का रेट 30 प्रतिशत बढ़ा है। इससे तिलकुट की कीमत में थोड़ी वृद्धि हुई है।

तिल व मजदूरी बढ़ने से तिलकुट के दाम बढ़े

विजय लड्‌डू भंडार के प्रोपराइटर चितरंजन उर्फ गोल्डी ने बताया कि तिल व कारीगरों की मजदूरी बढ़ने से इस बार तिलकुट के दाम बढ़े है। कहा कि उनके यहां चीनी तिलकुट 300 रुपए, गुड तिलकुट 320 रुपए और खोवा तिलकुट 400 रुपए किलाे है। लोगों ने तिलकुट की खरीदारी शुरू भी कर दी है। मकर संक्रांति तक जिले में तिलकुट का अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है।

देश के हर कोने में पहुंचा रहे गया का तिलकुट

प्रमोद लड्‌डू भंडार के प्रोपराइटर प्रमोद भदानी ने बताया कि गया की तिलकुट को प्रमोद डॉट शॉप से देश के कोने-कोने में पहुंचा रहे है। डिलिवरी भी पांच से छह दिनों में कर दी जा रही है। उन्होंनें बताया कि उनके प्रतिष्ठान में तिलकुट की कई वैरायटी है। सुगर फ्री तिलकुट से लेकर चीनी, गुड़, खोवा, ड्राई फुट्स के अलावे तिल से जुड़ी कई मिठाईयां भी है। 320 रुपए से लेकर 700 रुपए किलो तक तिलकुट उपलब्ध है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.