मुजफ्फरपुर शहर के ब्रह्मपुरा थाना क्षेत्र के चांदनी चौक स्थित सर्विस लेन में लावारिस हालत में छोड़े गए पिकअप वैन को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसपर सब्जी लोड है, जो दो दिन पुराना लग रहा है। पिकअप वैन के डेस्क बोर्ड, गेट और शीशे पर खून के धब्बे मिले थे। ब्रह्मपुरा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। लेकिन, कोई ठोस सुराग नहीं मिला। वैन को जब्त कर थाना लाया गया।
डीटीओ से संपर्क किया गया। वहां से इसके ऑनर का डिटेल निकाला गया। पता लगा की ये गाड़ी उत्तर प्रदेश की है। आसपास के और दूसरे जिलों के थाने से भी संपर्क साधा गया। इस दौरान पता लगा की दो दिन पूर्व छपरा के रिविलगंज थाना क्षेत्र में एक घटना घटी थी। जिसमें पिकअप के ड्राइवर के साथ मारपीट कर उसे फेंक दिया गया था और वहीं से वैन लूटकर अपराधी भाग निकले थे। ड्राइवर का ही खून का निशान गाड़ी पर मिला था।
रिवीलगंज पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलने के बाद रिविलगंज थाने की पुलिस वहां से रवाना हो चुकी है। टाउन डीएसपी राघव दयाल ने बताया की वहां की पुलिस पहुंचने वाली हैं। वे लोग आकर इसकी जांच कर आगे की कार्रवाई करेंगे। ब्रह्मपुरा थानेदार को निर्देश दिया गया है की आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाले। ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।
चांदनी चौक पर अवैध गाड़ी खपाने का धंधा
बता दें चांदनी चौक और बैरिया इलाके में कई गैरेज ऐसे हैं, जिनमें अवैध गाड़ियों की खरीद बिक्री होती है। इसके अलावा चांदनी चौक से चोरी और लूट की गाड़ियों को आगे दूसरे जिले या बॉर्डर पार तक ठिकाना लगाया जाता है। पहले भी इन इलाकों के गैरेजों पर पुलिस ने कार्रवाई की थी। बावजूद इसके अभी भी ये धंधा फल फूल रहा है।



Comment here