जमुई जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक बार फिर साइबर अपराधियों की वारदात सामने आई है। साइबर अपराधियों ने एक महिला को मदद करने के नाम पर चूना लगाया तथा उसके खाते से पैसे उड़ा लिए। इस घटना को लेकर पीड़ित महिला ने सदर थाना में आवेदन देकर कार्रवाई करने की गुहार लगाई है।
मदद के नाम पर ठगी
जानकारी के अनुसार जमुई सदर थाना क्षेत्र के शीतला कॉलोनी बाईपास रोड निवासी पम्मी कुमारी पिता चक्रधर सिंह नामक महिला ने सदर थाना में आवेदन दिया है। पीड़ित महिला ने आवेदन में बताया कि मैं बाईपास रोड स्थित सरस्वती दंत क्लीनिक के बगल में स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र के एटीएम से पैसे निकालने गई थी। इसी दौरान मेरा बेटा भी मेरे साथ था। महिला ने बताया कि हमारे द्वारा प्रयास करने के बाद भी जब एटीएम से पैसा नहीं निकल रहा था। तभी एक बाइक पर सवार होकर दो युवक वहां पहुंचे और हमारी मदद करने के नाम पर मेरे बेटे के हाथ से एटीएम कार्ड ले लिया। थोड़ी देर बाद उन्होंने मेरे बेटे से पिन कोड डालने के लिए कहा।जब मेरा बेटा पिन कोड डाल रहा था तब उन्होंने चुपके से एटीएम का पिन कोड देख लिया और बदले में वह हमें एक एटीएम कार्ड देकर चले गए और हम सब घर आ गए।
बदल लिया था कार्ड
देर शाम को जब मैंने देखा कि वह एटीएम कार्ड जो उन्होंने हमें दिया था वह मेरा नहीं था।मेरा एटीएम कार्ड वह अपने साथ ले गए थे और बदले में उन्होंने मुझे एक डुप्लीकेट एटीएम कार्ड दिया था। इसके बाद मैंने अपने खाते की जांच की तो पाया कि मेरे खाते से 10 हजार 700 रुपए निकाल लिए गए थे।महिला ने बताया कि मेरे खाते में कुल उतने ही पैसे थे। जो पैसा उन लोगों के द्वारा सारा पैसे की निकासी कर लिया। घटना को लेकर पीड़ित महिला ने बुधवार को सदर थाने में आवेदन दिया है। आवेदन मिलने के बाद पुलिस छानबीन में जुट गई है। बताते चलें कि इससे पहले भी लगातार जमुई जिले में साइबर अपराध के कई मामले सामने आते रहे हैं।



Leave a Reply