प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने से मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को शर्म आती है। क्या मतलब है इसका? केरल के मुख्यमंत्री प्रधानमंत्री मंत्री से मिले कि नहीं मिले? पंजाब के मुख्यमंत्री मिले कि नहीं मिले? ममता बनर्जी मिली कि नहीं मिलीं? नीतीश बाबू क्यों शर्माते है? मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर तीखे बयानों के जरिए पटना साहिब के सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने बड़ा हमला किया है।
दरअसल, PNT कॉलोनी में बने बूथ पर रविशंकर प्रसाद अपना वोट डालने पत्नी के साथ पहुंचे थे। वोट डालने के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार के दिल में एक दर्द है कि किस तरह से नरेंद्र मोदी से आंख मिलाएं? ये बातें मैं इसलिए कह रहा हूं कि तमाम मतभेदों के बावजूद प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक तौर पर नीतीश कुमार की कई बार तारीफ की है। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि ठीक है नीतीश बाबू अपनी शर्म रखिए, जनता आपका हिसाब कर देगी।
सलमान खुर्शीद पर भड़के
राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से किए जाने के सवाल पर कहा कि कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद परिवार भक्ति में सनातन धर्म का अपमान कर रहे हैं। क्या हो रहा है ये? प्रभु राम आने वाले हैं यूपी में? ये बहुत शर्मिंदगी है। ये वही सलमान खुर्शीद हैं, जिन्होंने अपने एक किताब में सनातन धर्म पर बहुत टिका-टिप्पणी की थी। इन लोगों का ये काम है। इस कारण राहुल गांधी कभी जनेऊ पहनते हैं, कभी मंदिर जाते हैं। मैं यही कहूंगा कि राहुल जी आपके शिष्य क्या करते हैं? अभी तक सलमान खुर्शीद को डांट भी नहीं लगी है। वहीं, कांग्रेस पार्टी ने सलमान खुर्शीद के बयान से खुद को अलग भी नहीं किया है।
चुनाव जीतने के बाद बढ़ेगी जिम्मेदारी
ऐतिहासिक दिन है कि बिहार में नगर निगम का चुनाव डायरेक्ट वोटिंग से हो रहा है। इसीलिए आज मैंने अपने मत का प्रयोग किया है। इस निर्णय से जनता के प्रति चुने हुए व्यक्ति का और दायित्व बढ़ेगा। जनता के प्रति जिम्मेदारी बढ़ेगी। जो भी जीतेंगे पटना की साफ सफाई पर बढ़िया से काम करें। इसे और सुंदर बनाएं। मौजे पर उन्होंने अपील की कि पटना के मतदाता अपने मत का प्रयोग आज जरूर करें।
पटना में बनेगा एक नया रोड
रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि हाल ही में वो केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मिले थे। पटना को जाम मुक्त बनाने के लिए उन्होंने बाइपास में अनीसाबाद से दीदारगंज टॉल प्लाजा तक उपर से रोड (फ्लाई ओवर) बनेगा। इसका डीपीआर बनाने का निर्देश उन्होंने दे दिया है। पटना में बड़े-बड़े काम हो रहे हैं। मेट्रो लाने में भी मेरा योगदान रहा है। अटल पथ बनवाने में भी मेरा योगदान रहा। उस वक्त रेल मंत्री से बात कर रेलवे की जमीन दिलवाई थी।
महाराष्ट्र की सरकार करेगी काम
मौके पर उन्होंने बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह की मौत मामले में हुए नए खुलासे पर भी बात की। कहा कि उनके प्रति आदर स्नेह रहेगा। उसके दुर्भाग्यपूर्ण मौत पर सवाल उठते रहेंगे। उस पर महाराष्ट्र की सरकार काम करेगी। BSSC पर्चा लीक पर भी उन्होंने सवाल उठाया और पूछा कि सुशासन बाबू का सुशासन कहां है?



Leave a Reply