Breaking NewsDELHI

BreakingNews: गुरुग्राम से राहत की बड़ी खबर, 10 में से 5 Covid-19 संक्रमित मरीज हुए ठीक, कोई नया केस नहीं…

दिल्ली से सटे गुरुग्राम में कोरोना को शनिवार को करारी शि’कस्त मिली। लगातार चौथे दिन कोरोना का कोई नया केस सामने नहीं आया। दूसरी तरफ 10 कोरोना मरी’जों में से पांच स्वस्थ हो गए। शहर में कोरोना के मरीजों की कुल संख्या अब सिर्फ पांच रह गई है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार इन पांच मरीजों के स्वास्थ्य में भी सुधार हो रहा है।

जिला प्रशासन के प्रवक्ता ने कहा कि गुरुग्राम में कोविड-19 के जो 10 पॉजटिव केस थे उनमें से 5 स्वस्थ्य हो गए हैं। उपचार के बाद इनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने कहा कि अब केवल पांच संक्रमित मरीज बचे हैं। प्रवक्ता ने बताया कि जिले के सेक्टर 9ए का जो पहला केस सामने आया था। यह प्रदेश का भी पहला केस था। संबंधित महिला पूरी तरह स्वस्थ है। हिन्दुस्तान से बातचीत में उपायुक्त अमित खत्री ने कहा कि इसका श्रेय हर उस व्यक्ति को है जो कोरोना से लड़ाई लड़ रहा है और सहयोग दे रहा है। उन्होंने कहा कि यह पूरे शहर के साथ प्रदेश और देश के लिए अच्छी खबर है। इससे पहले मेदांता से 11 इतालवी पर्यटक भी ठीक होकर डिस्चार्ज हो चुके हैं।

गुरुग्राम की पहली कोरोना पॉजिटिव लड़की भी हुई ठीक

स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार जिला में पहला केस सेक्टर-9ए में आया था, जिसमें एक लड़की का टेस्ट कोरोना वायरस के लिए पॉजिटिव आया था। उसकी 22 फरवरी से 4 मार्च तक मलेशिया और इंडोनेशिया की ट्रेवल हिस्ट्री थी। उसे बुखार व गले में खराश की शिकायत हुई और टेस्ट करवाया गया। 13 मार्च को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इलाज के बाद अब उसका रिपीटेड टेस्ट नेगेटिव आया है।

भाई-बहन की रिपोर्ट आई नेगेटिव

इसी प्रकार, गुरुग्राम के बेस्टेक पार्क व्यू में बहन और भाई दोनों कोरोना संक्रमण के पॉजिटिव पाए गए थे। बहन यूके अर्थात इंग्लैंड से लौटी थी। वह 31 दिसंबर 2019 से 14 मार्च 2020 तक यूके में रही। उसके बाद भारत में आ गई और गुरुग्राम में रहने लगी। इसकी वजह से उसके भाई को भी संक्रमण हो गया और 14 मार्च को दोनों का कोरोना संक्रमण पॉजिटिव आया। अब इलाज के बाद दोनों का टेस्ट नेगेटिव आया है।

गुरुग्राम के निरवाना कंट्री में रहने वाले पति-पत्नी दोनों का भी कोरोना संक्रमण टेस्ट पॉजिटिव आया था। पति की 1 मार्च से 7 मार्च तक लंदन विजिट करने की हिस्ट्री थी। टेस्ट पॉजिटिव आने के बाद दोनों को अस्पताल में दाखिल कराया गया। अब बार-बार किए गए टेस्ट में दोनों का रिपोर्ट नेगेटिव आया है। इस खबर के बाद अब गुरुग्राम जिला में कोरोना संक्रमण के 10 पॉजिटिव मामले में से 5 का टेस्ट नेगेटिव आ गया है। इस लिहाज से अब गुरुग्राम में कोरोना वायरस  के पांच ही पॉजिटिव केस रह गए हैं, जो विभिन्न अस्पतालों में उपचाराधीन हैं।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.