शेखपुरा में गुप्त सूचना के आधार पर उत्पाद विभाग की एक टीम ने सोमवार की सुबह जिले के चेवाड़ा थाना क्षेत्र के बरारी बीघा गांव में संचालित शराब निर्माण के बड़े अड्डे पर सघन छापामारी की। छापेमारी के लिए विभाग द्वारा ड्रोन और डॉग स्क्वायड के माध्यम से गांव के बधार में बनाए जा रहे शराब निर्माण के ठिकाने को तहस-नहस किया ।मौके पर बड़े-बड़े ड्रम में रखे 3500 लीटर अर्धनिर्मित शराब बरामद करने में सफलता पाई।
मौके से फरार हुए तस्कर
हालांकि इस छापेमारी अभियान के दौरान किसी भी तस्कर की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। छापेमारी के दौरान कारोबारी निकल भागने में सफल हो गए। इस संबंध में जानकारी देते हुए उत्पाद थानाध्यक्ष सह उत्पाद निरीक्षक प्रकाश कुमार ने बताया कि ड्रोन और स्वान के माध्यम से घनी झाड़ियों में शराब बनाने के स्थान का पता चला। छापेमारी दस्ते की भनक लगते ही सभी कारोबारी वहां से भागने में सफल हो गए, लेकिन विभाग द्वारा इस संबंध में शराब कारोबारियों की पहचान की जा रही है। छापेमार दस्ता ने बरामद अर्धनिर्मित शराब को घटनास्थल पर ही नष्ट कर दिया, जबकि वहां से भारी मात्रा में शराब बनाने के उपकरण गैस चूल्हा आदि बरामद कर अपने साथ उत्पाद थाना लेते आई। गौरतलब है कि उत्पाद विभाग और पुलिस द्वारा लगातार चलाए जा रहे शराब बंदी के खिलाफ अभियान के बाद भी जिले में शराब निर्माण और सेवन का सिलसिला रुकने का नाम नहीं ले रहा।



Leave a Reply