श्रद्धा वालकर मर्डर से जुड़ा एक बड़ा दावा झूठा निकला है। मराठी एक्ट्रेस सागरिका सोना सुमन ने दावा किया था कि उन्होंने सोशल वर्कर श्रेहा धारगलकर और श्रद्धा को एक बीच क्लीन ड्राइव के दौरान बात करते सुना था। इस बातचीत में श्रद्धा ने दो बार प्रेग्नेंट होने और जबरदस्ती अबॉर्शन करवाए जाने का जिक्र किया था।
दैनिक भास्कर से बातचीत में श्रेहा ने श्रद्धा के प्रेग्नेंट होने के दावे को गलत बताया है। श्रेहा ने कहा- जनवरी-फरवरी 2021 के बीच हुई क्लीन अप ड्राइव के दौरान मैं श्रद्धा वालकर से मिली थी। उसने मुझसे कभी प्रेग्नेंट होने का जिक्र नहीं किया था। उसके साथ मेरी इस तरह की कोई बातचीत नहीं हुई थी।
श्रेहा आगे कहती हैं- मैं इस तरह की खबरों से बहुत दुखी हूं। मैंने किसी से इस तरह की बात नहीं की है। मैंने सिर्फ एक रिपोर्टर से बात की थी और कहा था कि मैं श्रद्धा से एक बार मिली थी। इसके अलावा मैंने इस बारे में कोई बात नहीं की। श्रद्धा के बारे में इस तरह की बातें सुन-पढ़कर मुझे बहुत बुरा लग रहा है।

शादी और बच्चे चाहती थी श्रद्धा
श्रेहा ने बताया कि श्रद्धा शादी और बच्चे चाहती थी। उस दिन उसके सीने में दर्द हो रहा था। उसने बताया था कि उसे दो-तीन दिनों से चेस्ट पेन हो रहा है। मैंने उसे एक डॉक्टर का नंबर दिया था और उन्हें दिखाने को कहा था। मैंने उससे कहा था कि डॉ. काबरा अच्छे हार्ट स्पेशलिस्ट हैं। तुम इस दर्द को नजरअंदाज मत करो और उन्हें दिखाओ। मुझे ये भी नहीं पता है कि वो डॉक्टर के पास गई थी या नहीं।
ऐसा दावा किया जा रहा है कि श्रद्धा को ये दर्द मारपीट की वजह से हो रहा था। आफताब ने उसके साथ मारपीट की थी, जिसकी वजह से उसके चेस्ट में दर्द था।
श्रेहा कहती हैं कि मैंने श्रद्धा को बताया था कि मेरी एक बेटी है। तब उसने कहा था कि वो भी शादी करना चाहती है और परिवार बढ़ाना चाहती है। उसने कहा था कि मुझे नौकरी करना पसंद है और मुंबई भी बहुत पसंद है। इसके बाद दोबारा हम कभी नहीं मिले।



Leave a Reply