औरंगाबाद में चलती बाइक पर एक नीलगाय कूद गई। इससे बाइक सवार पिता-पुत्र बुरी तरह घायल हो गए। घटना का लाइव वीडियो सामने आया है। घटना मदनपुर थाना क्षेत्र के शिवगंज-रफीगंज मुख्य पथ रोड में शिवगंज के पास का है। 13 नवंबर रविवार को सड़क हादसे में पिता-पुत्र नीलगाय के चपेट में आकर घायल हो गए थे। अब इसका CCTV फुटेज सामने आया है। वीडियो में साफ नजर आ रहा है कि बाइक से आने के दौरान सड़क पार कर रही नीलगाय अचानक बाइक के ऊपर कूद गई।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों भीड़ वहां जमा हो गई। दोनों पिता-पुत्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मदनपुर में भर्ती कराया गया था। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत देखते हुए बेहतर इलाज के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया। घायलों की पहचान थाना क्षेत्र के घटराइन पंचायत के सहार गांव निवासी जानकी साव के 49 वर्षीय पुत्र मालिक चंद्र साव एवं मालिक चंद्र साव के 23 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार के रूप में की गई है।
घटना के संबंध में घायलों ने बताया कि पिता-पुत्र बाइक पर सवार होकर रफीगंज मंदिर में पूजा करने गए थे। पूजा के उपरांत दोनों घर लौट रहे थे। लेकिन जैसे ही शिवगंज के समीप पहुंचे तभी सड़क पार करने के दौरान नीलगाय चलती बाइक के ऊपर कूद गई। इसमें बाइक अनियंत्रित हो गया और दोनों सड़क हादसे का शिकार हो गए। घटना के बाद घटनास्थल के पास एक हार्डवेयर की दुकान से सीसीटीवी कैमरे से वीडियो को खंगाला गया। जिसका लाइव वीडियो सामने आया है। हालांकि पिता पुत्र की हालत अब पहले से बेहतर बतायी जा रही है।




Leave a Reply