Breaking News

राजगीर में निकाली गई भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा:प्रकाश पर्व का आज है दूसरा दिन, झाकियां देखने आए हजारों श्रद्धालु

राजगीर में गुरु नानक देव के 554वां प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर दूसरे दिन भव्य नगर कीर्तन शोभा यात्रा निकाला गया। नगर कीर्तन में 15 हजार से अधिक देश एवं विदेश से आए श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। शोभायात्रा में दर्जनों बैंड पार्टी शामिल हुई एवं झाकियां भी निकाली गई। जिसे देखने के लिए पूरे राजगीर में हजारों की संख्या में श्रद्धालु भी मौजूद रहें। इस अवसर पर पूरा राजगीर गुरु नानक जी महाराज के जयकारे से गूंज उठा। चौक चौराहे को गुरु नानक देव जी के बैनर पोस्टर से पाट दिया गया है।

प्रकाश पर्व के मौके पर सैकड़ो सेवादार लंगर बनाने में लगे हुए हैं। जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल होकर लंगर का प्रसाद छक रहे हैं। सुरक्षा को लेकर भी पुख्ता इंतजाम किया गया है। हर चौक चौराहों पर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बलों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा ना हो इसे लेकर हेल्पडेस्क काउंटर भी जगह-जगह बनाए गए हैं। पटना से राजगीर आने के लिए मुफ्त बस सेवा तो वहीं राजगीर में मुफ्त ई रिक्शा की सेवा बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन के द्वारा दिया जा रहा है।

इस मौके पर सेवादार समिति के मुख्य संरक्षक त्रिलोकी सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी के 554 वां प्रकाश पर्व के अवसर पर आज दूसरे दिन भव्य नगर कीर्तन में बच्चे-बड़े, बैंड-बाजे, आम जनता, पुलिस प्रशासन के लोग शामिल हुए हैं। यह ऐतिहासिक पल है ऐसे आयोजन से देश में एकजुटता आती है। हम गुरुदेव जी महाराज से यही प्रार्थना करते हैं कि हमारा देश खुशहाल हो आम जनता खुशहाल हो। इसके अलावा त्रिलोकी सिंह ने कहा कि आने वाले 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश के प्रधानमंत्री जरूर बनेंगे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.