लेटर के जरिए भाजपा नेता और बिहार के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी को जान से मारने की धमकी दी गई थी। डाक के जरिए 20 सितंबर को धमकी भरा लेटर सुशील कुमार मोदी को भेजा गया था।
अब एक महीने बाद पटना पुलिस ने इस केस का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार धमकी भरा लेटर सुदीप्तो कुमार राय ने भेजा था। जो पिछले कई दिनों से आसनसोल के जेल में बंद है। इस केस में उसे प्रोडक्शन वारंट पर शनिवार को पटना लाया गया और कोर्ट में पेश किया गया।
सुदीप्तो तक इस तरह से पहुंची पुलिस
कदमकुआं थाने के तहत भाजपा के राज्यसभा सांसद का घर है। धमकी भरा लेटर इनके घर पर आया था। लेटर में धमकी देने वाले ने अपना नाम चम्पा सोम लिखा था। उस पर पूर्वी वर्द्धमान जिले के वर्द्धमान सदर थाना के तहत रायन इलाके का पता लिखा हुआ था। इस मामले में पटना के कदमकुआं थाना में FIR दर्ज हुई थी।
जांच करते हुए पटना पुलिस की टीम वर्द्धमान में चम्पा सोम के पास पहुंची। इससे पूछताछ में पता चला कि वकालत कर रहे सुदीप्तो कुमार राय से उसका विवाद हुआ था। उसने ही उसे फंसाने के लिए ऐसी साजिश रची होगी। क्योंकि, भाजपा नेता को वो जानती तक नहीं है। तो ऐसे में वो धमकी कैसे दे सकती है?
पहले भी कर चुका है ऐसा कारनामा
चम्पा सोम के बयान के आधार पर पटना पुलिस की जांच आगे बढ़ी। पुलिस ने वर्द्धमान कोर्ट के लॉ क्लर्क अस्मत शेख से बात कर केस की पड़ताल की। तब कुछ नई बातें सामने आई। मुजफ्फरपुर जेल को ब्लास्ट कर उड़ाने की धमकी सुदीप्तो पहले दे चुका है। उस वक्त उसने वर्द्धमान कोर्ट के बड़ा बाबू बप्पा चटर्जी को फंसाने के लिए ऐसा किया था। इस मामले में इसी साल 23 अगस्त को आसनसोल में एक FIR दर्ज हुई थी।
इसके बाद आसनसोल की पुलिस ने सुदीप्तो को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। तब से वो जेल में बंद है। पटना के सिटी एसपी सेंट्रल अम्बरीश राहुल के अनुसार जेल जाने से पहले उसने भाजपा नेता को धमकी भरा लेटर भेजा था। प्रोडक्शन वारंट के जरिए शनिवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया।






Leave a Reply