Breaking News

शेखपुरा में चंदा वसूलने के दौरान जाम, फंसे रहे CJM:फर्जी रसीद छपवाकर वाहनों से वसूली, शिकायत पर पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया

शेखपुरा में शनिवार को शेखपुरा – सिकंदरा मुख्य सड़क मार्ग पर एकसारी बीघा गांव के समीप गुजरने वाले वाहनों को रोक कर उनके चालकों से छठ पूजा के नाम पर जबरन चंदा उगाही करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल पर पहुंचकर एक युवक को रंगेहाथ धर दबोचा। जबकि तीन अन्य भाग निकलने में सफल हो गए।

इस बाबत नगर थाना अध्यक्ष सह पुलिस निरीक्षक विनोद राम ने बताया कि सिविल कोर्ट शेखपुरा के सीजेएम राजेश कुमार अपनी वाहन से उक्त मुख्य सड़क मार्ग से गुजर रहे थे। उसी समय एकसारी गांव के निकट गुजरने वाले वाहनों से कुछ युवकों द्वारा छठ पूजा के नाम पर जबरन चंदा वसूल किया जा रहा था। जिसके कारण वहां सड़क जाम की स्थिति बनी थी। काफी देर तक सीजेएम का वाहन भी जाम में फंसा रहा।

ऐसी स्थिति में सीजेएम ने इसकी शिकायत मोबाइल से एसपी कार्तिकेय शर्मा से की। शिकायत मिलते ही एसपी ने इसकी खबर नगर थाना पुलिस को दी। एसपी के निर्देशों के आलोक में नगर थाना के एएसआई रामजी प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस दल घटना स्थल पर पहुंचकर चंदा वसूल रहे एक युवक ललन यादव को धर दबोचा। जो कि एकसारी बीघा गांव निवासी नंदलाल यादव का पुत्र बताया गया है।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार युवक फर्जी रसीद छपवा कर गुजरने वाले वाहनों को रोक कर उसके चालकों से जबरन चंदा उगाही कर रहा था। इस संबंध में एक प्राथमिकी नगर थाना में दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया। जबकि इस मामले में फरार हुए तीन अज्ञात युवकों की तलाश की जा रही है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.