Breaking News

मुजफ्फरपुर : CM के जाते ही पूर्व कर्मी ने किया हंगामा,बकाया रुपया नहीं मिलने के कारण हुआ आक्रोशित

मुजफ्फरपुर के बेला औधोगिक क्षेत्र स्थित लेदर पार्क में CM नीतीश कुमार के निरीक्षण के बाद निकलते ही एक पूर्व कर्मी अंदर प्रवेश गया। उसने जमकर हंगामा करना शुरू कर दिया। फैक्ट्री के ठेकेदार पर उसने बकाया रुपए नहीं देने का आरोप लगाया। पूर्व कर्मी विकास ने बताया की वह बेला का ही रहने वाला है। पिछले तीन महीने से काम कर रहा था। इस बीच पर्व त्योहार में उसने ठेकेदार शाहनवाज से एक हजार रुपए एडवांस मांगा। इस कारण उसे काम से हटा दिया गया। इसके बाद दो हजार रुपए उसका बकाया था। जिसे लेने के लिए पिछले दो सप्ताह से वह फैक्ट्री के चक्कर काट रहा है। लेकिन, उसे रुपए नहीं दिए जा रहे हैं।

डरा धमका रहे थे अन्य कर्मी

जब बकाया रुपए के लिए उसने हंगामा करना शुरू किया तो वहां मौजूद अन्य कर्मी उसे डरा धमका रहे थे। वहां से जाने की बात बोल रहे थे। लेकिन, वह डटा रहा की आज बिना रुपए लिए वह नहीं जायेगा। इस कारण गहमागहमी की स्थिति बन गई। कुछ देर के लिए काम भी बाधित हुआ। लेकिन, कुछ अन्य अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ। उसे पैसे देने का भरोसा दिया गया।

10 हजार पांच सौ रुपए महीने पर काम करता था

विकास ने बताया की 10 हजार पांच सौ रुपए के महीने पर वह काम करता था। इसी बीच उसे पैसे की जरूरत पड़ी तो ठेकेदार से मांगने गया। लेकिन, उसे एडवांस नहीं देकर नौकरी से ही हटा दिया गया। वहीं फैक्ट्री के कुछ कर्मियों की माने तो विकास की हरकत ठीक नहीं होने की बात कही है। कहा की उसने कुछ दिन पहले फैक्ट्री के कर्मियों के साथ मारपीट की थी। उसका व्यवहार अच्छा नहीं था। इसी कारण से उसे काम से हटाया गया था। उसका जो पैसा बकाया है। वह मिल जायेगा। किसी तरह समझाकर उसे वहां से हटाया गया। तब जाकर मामला शांत हुआ।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.