Breaking News

बक्सर में नदी में डूबा किसान:नदी किनारे गुजरते वक्त फिसला पैर, कई घंटों से गोताखोरों की मशक्कत जारी

बक्सर जिले के नया भोजपुर निवासी एक किसान भैसही नदी में डूब गया। जिसकी तलाश अभी जारी है।घटना की सूचना पर स्थल पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी हुई है। स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंच शव की तलाश शुरू कर दिया। लेकिन नदी में जलकुंभी के कारण शव को ढूंढने में परेशानी हो रही। सूचना मिलते ही नया भोजपुर OP प्रभारी सुबोध कुमार सदल बल मौके पर पहुंचे तथा शव की तलाश के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की मांग वरीय पदाधिकारियों से किए है।

घटना सोमवार की शाम महाराजा कोठी के पीछे भैसही नदी की है। पुराना भोजपुर के तकिया मोहल्ला निवासी लाला चौधरी उम्र 56 वर्ष पिता स्व.छबीला चौधरी नदी के किनारे से गुजरते वक्त पैर फिसल गया।बताया गया कि किसान लाला करीब एक दर्जन गायों को पाल रखा था। वह हर दिन सुबह में गाय चराने नदी के उस पार गया था, शाम को गायों के झूंड के साथ ही लौट रहा था। तभी नदी पार करने के प्रयास में गहरे पानी में समा गया। उससे थोड़ी दूर खड़ी दो महिलाओं ने उसे डूबते हुए देख शोर मचा इस घटना की जानकारी ग्रामीणों तथा उसके परिजनों को दी।

जानकारी मिलते ही परिजनों के साथ सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण महिलाओं द्वारा बताए गए जगह पर नदी के किनारे पहुंचे।कई ग्रामीण गोताखोर शव की तलाश के लिए नदी में छलांग लगा दिए। लेकिन घंटो के प्रयास के बाद भी उसका पता नहीं चल सका था। शव बरामद नहीं होने से परिजनों की चिंताएं भी बढ़ने लगी है। नया भोजपुर OP के प्रभारी सुबोध कुमार ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नदी पार करने के दौरान पशुपालक भैसही नदी में डूब गया है। उन्होंने कहा कि शव की तलाश करवाई जा रही है।गोताखोर बाहर से भी बुलाये गये है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.