भोजपुर जिले के सहार थाना पुलिस व मद्य निषेध के टीम की संयुक्त छापेमारी में गुप्त सूचना के आधार पर शराब बनाने के लिए ले जा रहे 81 गैलन स्प्रिट जप्त किया गया। इसके साथ इसमें शामिल चार लोगों को भी टीम ने गिरफ्तार किया है । सभी से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार मद्य निषेध की टीम को यह गुप्त जानकारी मिली की बिहार–झारखंड बॉर्डर के रास्ते गिट्टी लदे हाईवा पर भारी मात्रा में अवैध तरीके से स्प्रिट औरंगाबाद की ओर लाया जा रहा है
सूचना के आधार पर मद्य निषेध की टीम एक गिट्टी लदे हाईवा और लाइन अप कर रहे एक स्कॉर्पियो को शेरघाटी इलाके से पीछा(ट्रेस) करने लगी। हाईवा और स्कॉर्पियो जैसे ही सहार थाना क्षेत्र के सोन नदी तट पर बने पुलिस पिकेट को पार कर पेऊर ब्रेकर पर पहुंची तभी सहार थाना और मद्य निषेध की टीम ने उन्हें धर दबोचा।
हाईवा में प्लास्टिक के ड्रम में रखे 81 गैलन स्प्रिट को जप्त किया है। हाईवा के चालक पलामू जिले के डालटेनगंज थाना अंतर्गत लालगढ़ निवासी वीरेंद्र कुमार व लाइनर की भूमिका निभा रहे स्कार्पियो सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह स्प्रिट कहां से आ रही थी और इसे किसे पहुंचाया जाना था।
बरामद स्प्रिट की कीमत करीब 15 लाख से अधिक की आंकी जा रही है। पुलिस को आशंका है कि यह स्प्रिट अवैध शराब तैयार करने के धंधे में प्रयोग किया जा सकता था। पीरो एसडीपीओ राहुल कुमार सिंह ने बताया की 81गैलनो में रखे 3240 लीटर मिथाइल अल्कोहल के साथ चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है जिनसे पूछताछ जारी है। फिलहाल जांच जारी है । इनके पीछे मुख्य माफियों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।



Comment here