महाराष्ट्र में जमीन दिलवाने के नाम पर पटना के लोगों से ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। पुलिस की टीम ने मुंबई जाकर छापेमारी की और रुपए ठगने वाले शातिर को गिरफ्तार किया। ट्रांजिट रिमांड पर लेकर टीम रविवार की रात पटना पहुंची। गिरफ्तार ठग का नाम राकेश नैनी है। इसे मुंबई में सांताक्रुज थाना के तहत जुहू तारा रोड स्थित ब्लू डायमंड से गिरफ्तार किया गया है।
दरअसल, यह मामला पटना के कोतवाली थाना से जुड़ा है। थानेदार संजीत कुमार के अनुसार राकेश नैनी ने भारत कैपिटल लिमिटेड नाम से कंपनी खोल रखी थी। पटना में डांक बंगला चौराहा के पास स्थित कौशल्या स्टेट में इसके कंपनी की ब्रांच ऑफिस थी। जिसे ये स्टाफ रखकर चलाता था। साथ ही राकेश का यहां अक्सर आना-जाना भी लगा रहता था। अपनी कंपनी के जरिए राकेश महाराष्ट्र में जमीन खरीदवाने के नाम पर लोगों से रुपए इन्वेस्ट करवाती थी। जमीन नहीं लेने पर ब्याज के साथ रुपए वापस करने का दावा करती थी।
राकेश और उसकी कंपनी के झांसे में पटना के कई लोग आ गए। रुपए ठगने के बाद इसने पटना के ऑफिस बन्द कर दिया। इनवेस्टमेंट करने वालों को न जमीन मिली और न ही उनके रुपए वापस हुए। इसके बाद ही सरिस्ताबाद के रहने वाले मुकेश कुमार समेत 6 लोगों ने मिलकर साल 2017 में 2 करोड़ रुपए से अधिक ठगी का FIR (538/17) दर्ज कराया था। पिछले 5 साल से इसकी तलाश पटना पुलिस को थी।
पिछले सप्ताह मुंबई पुलिस से इसके बारे में क्लू मिला। राकेश वहीं रह रहा था। तब 3 दिन पहले टीम को मुंबई भेजा गया। लोकल थाना की पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार किया गया। शुरुआती तौर पर इससे पूछताछ हुई है। सोमवार को इसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। जरूरत के अनुसार फिर से इससे पूछताछ हो सकती है। इसके लिए पुलिस उसे रिमांड पर ले सकती है। राकेश अपनी कंपनी का डायरेक्टर है। इस केस में वो अकेला नामजद अभियुक्त है।



Comment here