RJD (राष्ट्रीय जनता दल) के राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना है। अभी RJD के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव हैं। 10 अक्टूबर को दिल्ली में इस पद के लिए चयन किया जाना है। पूरी संभावना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पर ताजपोशी लालू यादव की ही होगी, क्योंकि उनसे दमदार नेता आरजेडी में नहीं है। डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव की पार्टी में मजबूत स्थिति है, लेकिन परिवार ही मजबूरी है। वह नहीं चाहते कि परिवार के अंदर से कोई बोले।
राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव से पहले प्रदेश स्तर पर संगठन का चुनाव कार्य संपन्न किया जा रहा है। पटना में सहायक राष्ट्रीय मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी चित्तरंजन गगन प्रदेश स्तर पर विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं की चुनाव से जुड़ी समस्याओं को निबटाने में लगे हैं। वे बताते हैं कि RJD के संगठन में पिछड़ों को 60 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है। लेकिन पिछड़े वर्ग के लोग 90 फीसदी हैं। अतिपिछड़ों और दलितों के लिए भी आरक्षण लागू है।
तालकटोरा स्टेडियम में राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव
चित्तरंजन गगन बताते हैं कि राजद का बूथ, पंचायत, प्रखंड स्तर पर चुनाव कार्य पूरा हो चुका है। अब जिला का चुनाव 16 सितंबर तक पूरा हो जाएगा। इसके बाद राज्य परिषद के सदस्य चुने जाएंगे। 21 को प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव पटना में होगा। उसी कार्यक्रम में राष्ट्रीय परिषद के सदस्य हर राज्य से चुने जाएंगे। राष्ट्रीय परिषद के सदस्य राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में वोटर होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के सवाल पर वे कहते हैं कि इसके लिए पहले 11 अक्टूबर का समय पहले तय किया गया था, लेकिन दिल्ली में बड़ा हॉल नहीं मिलने से 10 अक्टूबर को तालकटोरा स्टेडियम में कार्यक्रम रखा गया है। लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा।
पूरे दिल्ली को सजाने की तैयारी, 5 लाख झंडे लगाए जाएंगे: श्याम रजक
RJD के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर दिल्ली में कैंप कर रहे हैं। दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम के सभागार में इसको लेकर तैयारियां चल रही हैं। यहीं नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष की अध्यक्षता में खुला अधिवेशन भी होगा। राजद का संगठन इस समय देश भर के 26 राज्यों है। दो राज्यों बिहार और झारखंड में वह सरकार में है। इसलिए बड़ी संख्या में पदाधिकारी दिल्ली पहुंचेंगे। खुला अधिवेशन में राजनीतिक, आर्थिक और सामयिक प्रस्ताव पास किए जाएंगे।
श्याम रजक ने बताया कि एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में एक्सक्यूटिव की मीटिंग होगी। अंबेडकर भवन में ठहरने का इंतजाम किया गया है। पूरे दिल्ली को सजाया जाएगा। RJD के पांच लाख झंडे लगाए जाएंगे। रेलवे स्टेशन से लेकर, एयरपोर्ट, पार्लियामेंट के पास सजावट की जाएगी। दिल्ली के बाहर से आने वाले पांच हजार लोगों के भोजन का इंतजाम किया जाएगा। स्थानीय लोग अलग होंगे। यानी 10 हजार लोगों को भोजन का इंतजाम किया जा रहा है।
तेजस्वी ने पार्टी के अंदर खुद को बेहतर नेतृत्वकर्ता के रूप में साबित किया है, लेकिन…
तेजस्वी यादव को पहले ही पार्टी में कई तरह के अधिकार दिए जा चुके हैं। 2020 के विधान सभा चुनाव में वे ही महागठबंधन की ओर से मुख्यमंत्री पद के चेहरा थे। चुनाव के बाद उनकी पार्टी बिहार की सबसे बड़ी पार्टी बनी और वे नेता प्रतिपक्ष हुए। अब नई सरकार में वे उपमुख्यमंत्री हैं। पार्टी के अंदर तेजस्वी यादव की स्वीकार्यता बढ़ी है। लालू प्रसाद के सेहत अब पहले जैसी नहीं रही। वे कई बीमारियों से ग्रस्त हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं का बड़ा हिस्सा चाहता है कि तेजस्वी पार्टी की कमान संभालें, लेकिन तेजस्वी कई कारणों से चाहते हैं कि लालू प्रसाद ही पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष फिर से चुने जाएं। लालू प्रसाद जैसी राष्ट्रीय छवि अभी तेजस्वी की नहीं है। तेजस्वी परिवार के अंदर किसी को बोलने का मौका नहीं देना चाहते।



Leave a Reply