Breaking News

राजद नेता रणविजय साहू ने की प्रेस वार्ता:बोले- लालू प्रसाद ने आडवाणी का रथ रोका अब तेजस्वी यादव मोदी का विजय रथ रोकेंगे

लालू प्रसाद ने लालकृष्ण आडवाणी का रथ रोका था और तेजस्वी यादव नरेंद्र कुमार मोदी के रथ को बिहार में रोकने का काम करेंगे। उक्त बातें मोरवा के विधायक सह बेगूसराय जिला के राजद संगठन प्रभारी रणविजय साहू ने गुरुवार को परिसदन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि अधिक संख्या में विधायक रहने के बावजूद नीतीश कुमार के नेतृत्व को तेजस्वी यादव ने स्वीकार किया है।

इसके पीछे उद्देश्य है कि 2024 एवं 25 में लोकसभा एवं विधानसभा में होने वाले चुनाव में भाजपा के रथ को रोकना है। उन्होंने कहा कि राजद ए टू जेड के फार्मूले पर काम कर रही है और पहली बार संगठन में भी आरक्षण के आधार पर बूथ अध्यक्ष बनाया जाएगा। इसके लिए बेगूसराय जिला में 1 लाख लोगों को राजद की सदस्यता ग्रहण की है। वैसे तो प्रत्येक विधानसभा में 30- 30 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया था।

लेकिन चेरिया बरियारपुर एवं साहेबपुरकमाल विधानसभा में 30- 30 हजार सदस्य बनाए गए हैं अन्य विधानसभा में भी सदस्यता अभियान के दौरान काफी संख्या में लोगों ने सदस्य बनने का काम किया है। संगठन प्रभारी ने कहा कि 2025 के विधानसभा में सातों सीट महा गठबंधन के खाते में जाएगा। रणविजय साहू ने कहा कि राजद मूल्य एवं विचारों की राजनीति करती है, जो कर्पूरी ठाकुर, राम मनोहर लोहिया एवं जयप्रकाश नारायण के विचारों के आधार पर काम करती है।

उन्होंने कहा कि भाजपा सिर्फ व्यवसायी समाज को ठगने का काम किया है। राजद ने उन्हें विधायक बनाया। साथ ही जब सत्ता में आई तो 5-5 लोगों को विधायक एवं मंत्री बनाने का काम किया है। ऐसे में साहू समाज के लोगों को भी राजद से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न दलों के साहू समाज के लोगों का छुपकर उनसे मिलने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि वह साहू समाज के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। ऐसे में विभिन्न दलों में काम करने वाले साहू समाज के लोग उनसे मिलने आ रहे हैं। आज ना कल वे राजद की विचारधारा से प्रभावित होकर अवश्य जुड़ेंगे।

जिला भर में बूथ स्तर पर अध्यक्ष बनाने की तैयारी शुरू
इस अवसर पर चेरिया बरियारपुर के विधायक राजवंशी महतो ने कहा कि उन्होंने अपने विधानसभा में सदस्यता अभियान के लक्ष्य को पूरा कर लिया है। अब बूथ एवं प्रखंड स्तर पर अध्यक्ष सहित कमिटि गठित करने का काम प्रारंभ कर दिया गया है, जिससे कि संगठन को मजबूती प्रदान किया जाए।

दूसरी ओर व्यवसायिक प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रण विजय साहू ने रूदौली के सुमित कुमार को उपाध्यक्ष पद पर मनोनयन किया गया। इस अवसर पर राजद जिला अध्यक्ष मोहित यादव, प्रदेश महासचिव डॉ अशोक यादव, क्रांति सिंह, व्यवसायिक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष राजीव कुमार गुड्डू, रामसखा महतो, सर्वजीत कुमार, अनुराग कुमार सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.