खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कोरोना वायरस से बचाव को लेकर सक्रिय हो गया है। होटल-रेस्तरां में खाना परोसने से पहले अगर हाथ साफ नहीं किए तो लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा। इसके लिए विभाग की टीमें औचक निरक्षण कर सभी होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स की जांच कर रही हैं। इस दौरान सेनेटाइजर और मास्क रखने के निर्देश दिए जा रहे हैं।
गाजियाबाद जिले में 300 से ज्यादा होटल-रेस्टोरेंट संचालित किए जा रहे हैं। लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचाने के लिए शासन ने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन को खाद्य सभी होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट्स की जांच करने के आदेश दिए हैं। विभाग ने एक-एक कर सभी प्रतिष्ठानों की जांच शुरू कर दी है। सभी रेस्टोरेंट्स, होटल, ढाबा, कैंटीन, फूडकार्ट जैसे सभी स्थानों पर सावधानी बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।

सेनेटाइजर, मास्क, साबुन रखना भी जरूरी
अभिहित अधिकारी विनीत कुमार ने बताया कि सभी प्रतिष्ठानों में काम करने वाले कर्मचारियों, कुक और वेटर का स्वच्छता के प्रति सावधानी बरतनी जरूरी है। इसके लिए प्रतिष्ठान संचालकों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। अगर किसी भी तरह की ला’परवाही मिलती है तो लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतिष्ठान में सेनेटाइजर, मास्क, साबुन रखना भी जरूरी है।
जो भी ग्राहक खाद्य सामग्री खाने या खरीदने के लिए पहुंचेगा सबसे पहले गेट पर उसके हाथ साफ कराने होंगे। प्रतिष्ठानों को सेनेटाइज कराने के निदेश दिए गए हैं। इसमें फर्श, दीवार, सीढ़ियां, रेलिंग, कमरों की खिड़की, दरवाजे, टेबिल-कुर्सी, खाना खाने के लिए उपयोग किए जाने वाले बर्तन सभी को सेनेटाइज करना होगा। इसके लिए सभी प्रतिष्ठानों को दो दिन का समय दिया गया है। अभिहित अधिकारी ने बताया कि अब तक 59 प्रतिष्ठानों में कोरोना के संक्रमण से बचने की व्यवस्थाओं की जांच की गई है। जहां पर थोड़ी बहुत कमी पाई गई हैं उन्हें सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

भारत में कोरोना वायरस से 169 लोग संक्रमित
देश के विभिन्न हिस्सों से कोरोना वायरस के 18 नए मामले सामने आने के बाद भारत में इससे संक्रमित लोगों की संख्या गुरुवार को 169 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार इन लोगों में 25 विदेश नागारिक भी शामिल हैं, जिनमें से 17 इटली, तीन फिलीपीन, दो ब्रिटेन और कनाडा, इंडोनेशिया तथा सिंगापुर के एक-एक नागरिक हैं। इन आंकड़ों में दिल्ली, कर्नाटक और महाराष्ट्र में वायरस से मारे गए तीन लोग भी शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारी ने कहा कि भारत में कोविड-19 से अभी 151 लोग संक्रमित हैं। उन्होंने बताया कि अन्य 15 लोग वे हैं, जो ठीक हो गए हैं या उन्हें छुट्टी दे दी गई है, जबकि तीन लोगों की मौत हो गई है।
दिल्ली में अभी तक एक विदेशी सहित 12 लोग इससे संक्रमित पाए गए हैं। वहीं उत्तर प्रदेश में भी एक विदेशी सहित 17 मामले सामने आए हैं। महाराष्ट्र में तीन विदेशियों समेत 45 मामले सामने आए हैं जबकि केरल में दो विदेशी नागरिकों समेत 27 मामले दर्ज किए गए हैं। कर्नाटक में कोरोना वायरस के 14 मरीज हैं। लद्दाख में संक्रमण के मामले बढ़कर आठ हो गए हैं और जम्मू-कश्मीर में इसकी संख्या बढ़कर चार हो गई है। तेलंगाना में दो विदेशियों समेत छह मामले सामने आए हैं। राजस्थान में दो विदेशियों समेत सात लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हैं। तमिलनाडु में दो मामले सामने आए हैं। वहीं आंध्र प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, पुडुचेरी, चंडीगढ़ और पंजाब में एक-एक मामला सामने आया है। हरियाणा में 14 विदेशियों समेत 17 लोग संक्रमित हैं।




Leave a Reply