Breaking News

विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना:आईटी मंत्री मो. इसराईल मंसूरी को विष्णुपद मंदिर में नहीं करना चाहिए था प्रवेश, मंत्री करें खेद प्रकट : सुशील मोदी

भाजपा के राज्यसभा सांसद सह सूबे के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी सोमवार को गया पहुंचे। गया पहुंचने पर श्री मोदी ने शहर के विष्णुपद मंदिर में पूजा-अर्चना की।

इस दौरान विष्णुपद मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के अध्यक्ष शंभू लाल बिट्ठल सहित अन्य पंडा समाज के लोगों ने मंदिर के गर्भगृह में उन्हें पूजा कराई। इस दौरान श्री मोदी देवघाट भी गएं। जहां उन्होंने रबर डैम का जायजा लिया। मौके पर विष्णुपद मंदिर प्रबंधकारिणी समिति के सदस्यों ने उन्हें पुष्प गुच्छ एवं अंग वस्त्र देकर सम्मानित किया।

इस दौरान पर उन्होंने कहा कि विष्णुपद मंदिर में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित है। बावजूद बिहार सरकार के सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मो. इसराईल मंसूरी मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश कर गए। इतना ही नहीं उसके बाद उन्होंने बयानबाजी भी की, लेकिन अबतक खेद प्रकट नहीं किया। जबकि उन्हें मामले को लेकर खेद प्रकट करना चाहिए था।

पूर्व उप मुख्यमंत्री सुशील मोदी ने विष्णुपद मंदिर में की पूजा-अर्चना

मुख्यमंत्री को देना चाहिए था ध्यान
श्री मोदी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर टिप्पणी करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार दर्जनों बार विष्णुपद मंदिर में पूजा अर्चना कर चुके हैं। उन्हें मंदिर के नियम-कानून के बारे में भली-भांति जानकारी है। इस दिन वे मंदिर के अंदर आए थे, तो उन्हें पता था कि उनके साथ एक मुस्लिम समुदाय के भी मंत्री चल रहे हैं। ऐसे में मुख्यमंत्री को उन्हें रोकना चाहिए था, लेकिन उन्होंने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया।

मंदिर की परम्परा का होना चाहिए पालन
कहा कि भारत में कई ऐसे मंदिर हैं, जहां गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित है। ऐसे में मंदिर की परंपरा का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मक्का मदीना मुस्लिम समुदाय का सबसे पवित्र स्थल है। ऐसे में मुस्लिम श्रद्धालुओं के अलावा वहां कोई नहीं जा सकता है। जब मक्का मदीना में इस तरह की परम्परा का पालन होता है, तो जिस मंदिर में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित है। वहां जाने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने कहा कि विष्णुपद मंदिर काफी पौराणिक मंदिर है। मौके पर वजीरगंज के भाजपा विधायक वीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ नेता मुकेश शर्मा, जिलाध्यक्ष धनराज शर्मा, मीडिया प्रभारी योगेश कुमार, संतोष ठाकुर, राजेंद्र प्रसाद सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.