बांका के बुनकरों के जीवन में जल्द खुशहाली आएगी। उन्हें अपने उत्पाद का सही मूल्य मिलेगा और साथ ही उन उत्पादों की बिक्री के लिए उचित प्लेटफार्म उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन की ओर से कवायद शुरू कर दी गई है।
पांच करोड़ रुपए की लागत से मंदार हिल पर्वत के पास आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज का निर्माण पर्यटन विभाग की ओर से कराया गया है। पर्यटन विभाग द्वारा इसे जल्द ही चालू किया जाएगा। इसके शुरू हो जाने से स्थानीय हस्तशिल्प कलाकारों को रोजगार मिलेगा।
जिला प्रशासन के द्वारा आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज में हस्तशिल्प कलाकारों और बुनकरों को दुकान आवंटित करने का प्रक्रिया भी शुरू कर दिया गया है। इसके लिए बुनकरों और हस्तशिल्प कलाकारों की एक बैठक भी बुलाई गई थी। जिस पर आगे की रणनीति की चर्चा की गई। पर्यटन विभाग के मंदार के प्रबंधक दीपक कुमार ने बताया कि आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज शिल्पकार एवं बुनकरों के लिए ही बनाया गया है। स्थानीय उत्पादन को यहां बेचा जा सकता है। साथ ही इन उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई जा सकेगी। यहां पर स्टार्टअप करने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी। आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज परिसर में कैंटीन का भी निर्माण कराया गया है दुकानों के आवंटन के बाद इसे चालू कर दिया जाएगा।



Comment here