बेला फेज-टू स्थित बायोमेडिकल कचरा नष्ट करनेवाली मेडिकेयर कंपनी की जर्जर चिमनी काटने के दाैरान बुधवार की दाेपहर बीच से टूटकर गिर गया। घटना में दाे मजदूर जख्मी हाे गए। जबकि, इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दाैरान शहर के सादपुरा निवासी माे. रजा ने दम ताेड़ दिया। जख्मी मनियारी के दिनेश शर्मा की स्थिति एसकेएमसीएच में गंभीर बनी हुई थी। चिमनी गिरने की घटना के बाद फैक्ट्री में अफरातफरी मच गई
महज 8 माह में बेला में दूसरी बड़ी घटना से बियाडा अधिकारी भी भागे-भागे माैके पर पहुंचे। पुलिस गाड़ी से ही जख्मी काे इलाज के लिए भेजा गया। ठेकेदार लखिंद्र दास काे पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। मृतक काजी माेहम्मदपुर थाना क्षेत्र के सादपुरा निवासी माे. रजा के शव का 3 घंटे बाद पाेस्टमार्टम कर परिजन काे साैंपा गया। चिमनी काटने के समय सुरक्षा का नहीं था पुख्ता इंतजाम चिमनी काटने के दाैरान वहां सुरक्षा का काेई पुख्ता इंतजाम नहीं था।
यूनिट हेड राजीव कुमार ने बताया कि चिमनी की ऊंचाई करीब 30 फीट थी। 20 से 25 फीट के बीच में उसकाे दाे भागाें में बाटा गया था। यह काफी पुराना हाे गया था। इसलिए हटाया जा रहा था। इसकाे हटाने से पहले दूसरी नई चिमनी बनाई गई है। अभी उसी से काम चल रहा है। चिमनी काे हटाने के लिये ठेकेदार काे जवाबदेही दी गई थी।
8 माह पहले स्नैक्स फैक्ट्री, इस बार बायोमेडिकल कचरा नष्ट करनेवाली मेडिकेयर में हुई घटना
हादसे की वजह : चिमनी काफी जर्जर थी और 20-25 फीट की ऊंचाई से गिर गए दो मजदूर
मेडिकेयर कंपनी की चिमनी काफी दिनाें से जर्जर थी। फैक्ट्री के अधिकारियाें ने चिमनी काे नष्ट (ध्वस्त) करने का आदेश दिया था। इसको लेकर बेला थाना क्षेत्र के ही ठेकेदार लखिंद्र दास काे चिमनी गिराने का टेंडर दिया गया था। ठेकेदार लखिंद्र दास अपने पांच-सात मजदूराें के साथ बुधवार काे चिमनी गिरा रहा था। मजदूर माे. रजा और दिनेश शर्मा चिमनी के दूसरे फेज पर गैस कटर से गुंबद काे काट रहे थे। इस दाैरान चिमनी पहले फेज के नीचे से टूट गया। चिमनी का गुंबद काट रहे दाेनाें मजदूर 20-25 फीट की ऊंचाई से नीचे गिर गए। जिससे दोनों खून से लथपथ हो गए। घटना से अफरा-तफरी की स्थिति उत्पन्न हाे गई।
सवा 3 घंटे मुशहरी पीएचसी में पड़ा रहा मृत मजदूर का शव
मुशहरी| राजा का शव सवा तीन घंटे मुशहरी पीएचसी में पड़ा रहा। परिजन शव फैक्ट्री ले जाने की जिद पर अड़े थे। घटना की सूचना पर मुशहरी व बेला थाने की पुलिस पहुंच गई। परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेजने को तैयार नहीं थे। शव के पास पत्नी नगीना खातून का रो-रोकर बुरा हाल था। वह बार-बार यह कहते हुए बेहोश हो जा रही थी कि अब उसके साथ उसके चार बच्चों का क्या होगा।
हादसे के बाद पुलिस हिरासत में लिया गया ठेकेदार लखीन्द्र
चिमनी गिराने का टेंडर ठेकेदार लखीन्द्र दास ने लिया था। बिना सुरक्षा चिमनी गिराने से हादसा हुआ। पुलिस ने ठेकेदार को हिरासत में ले लिया है। एस्सेल के ठेकेदार रहते लखीन्द्र के स्टाफ की मौत हुई थी।
अपर समाहर्ता ने सरकार को भेजी हादसे की पूरी रिपोर्ट
अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन डाॅ. अजय कुमार की रिपोर्ट के अनुसार, बेला औद्याेगिक क्षेत्र फेज दाे में मेडिकल वेस्टेज प्लांट का पुराना चिमनी हटाने के दाैरान गिर गया। जिसमे एक मौत अन्य जख्मी हो गए। लेवर सुपरिटेंडेंट अजय कुमार ने बताया कि जांच के बाद इसके कारण का पता चलेगा तथा जांच रिपोर्ट के आधार पर अनुदान राशि का निर्धारण होगा।
पिछले साल स्नैक्स फैक्ट्री में हुआ था बॉयलर विस्फोट
मेडिकेयर में चिमनी गिरने की घटना ने बेला बायलर विस्फोट की याद ताजा कर दी है। पिछले वर्ष 26 दिसंबर को बेला-2 औद्योगिक परिसर में स्थित स्नैक्स फैक्ट्री में बॉयलर विस्फोट हो गया था। इसमें सात मजदूरों की मौत हो गई थी।







Leave a Reply