Breaking News

पटना के मनेर में बालू लदा नाव गंगा में डूबी:1 दर्जन से अधिक मजदूर लापता, रेस्क्यू ऑपरेशन में बाधक बन रही तेज धारा

पटना के मनेर स्थित हल्दी छपरा घाट पर रविवार की सुबह बालू लदी एक नाव बीच गंगा में डूब गई। नाव में सवार एक दर्जन से अधिक मजदूर गंगा की लहरों के बीच लापता हो गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही चारों तरफ अफरातफरी का माहौल बन गया है। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दानापुर एसडीएम, एएसपी, मनेर थाना प्रभारी सहित अंचलाधिकारी को दी। सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी मामले की छानबीन में जुट गए हैं।

जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह बालू लदा एक नाव मनेर के हल्दी छपरा से खुली। बताया जा रहा है कि बीच गंगा में पहुंचते ही नाव असंतुलित होकर गंगा में डूब गई। नाव पर सवार सभी मजदूर किसी तरह हाथ-पांव मारकर तेज बहाव से बचने का प्रयास करने लगे। समाचार लिखे जाने तक मजदूरों की खोजबीन जारी थी।

बचाव करने में आ रही परेशानी

एसडीआरएफ के सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार यादव ने बताया कि फिलहाल उन्हें इस बात की जानकारी नहीं मिली है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में गंगा नदी में पानी का स्तर काफी बढ़ गया है। नदी में धारा काफी तेज है। उन्होंने बताया कि ऐसी स्थिति में टीम को गंगा नदी में बचाव करने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

मनेर अंचलाधिकारी दिनेश कुमार से बात करने पर उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिली है। अधिकारियों को जानकारी दिए हैं। वहीं दूसरी तरफ मनेर थाना प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नाव कहां और किस स्थिति में डूबी है। छानबीन की जा रही है।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.