दरभंगा के भालपट्टी ओपी अंतर्गत भालपट्टी गांव के सुंदर सागर तालाब के पास असामाजिक तत्वों ने पुआल के 4 टाल में आग लगा दी। ये आग ताजिया मिलान के दौरान इकट्ठा हुए असामाजिक तत्वों ने लगाई। इस दौरान उन लोगों द्वारा कुछ घरों पर पथराव भी किया गया। आग की तेज लपटे तेज होने के कारण आसपास के हरे भरे पेड़ पौधे झुलस गए। पथराव के कारण गणेश सहनी के एस्बेस्टस का घर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया ।/
पीड़ित रामदेव साह, मदन मंडल, राम अशीष साह, रामप्रवेश दास ने बताया कि मवेशियों के चारा के लिए पुआल रखा हुआ चार टाल बना था। जुलूस के दौरान असामाजिक तत्वों ने पुआल के चारों टालों में आग लगा दी। साथ ही रास्ते में एक बोरिंग था । वहां सुरक्षा के लिए घर बनाया गया था उसे भी तहस-नहस करके क्षतिग्रस्त कर दिया। लक्ष्मी नारायण मिश्रा ने बताया कि उनके बगीचे से हरे भरे पौधों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया है। जिससे लाखों रुपए का नुकसान हुआ है।
पीड़ित लोगों का कहना था कि यह कोई पहली बार की घटना नहीं है। इससे पहले भी असामाजिक तत्व ऐसी घटनाओं को अंजाम दे चुके हैं ।लोगों ने इसकी सूचना भालपट्टी ओपी अध्यक्ष एवं फायर बिग्रेड को दी। जिसके बाद मौके पर भालपट्टी ओपी अध्यक्ष संतोष कुमार, सदर अंचल अधिकारी इंद्राशन साह पहुंच कर दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया गया।
स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में: ओपी अध्यक्ष
भालपट्टी ओपी अध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि असामाजिक तत्वों के द्वारा ताजिया जुलुस के दौरान पुआल के टाल आग लगा दी गई थी। जिसे दमकल की मदद से बुझाया गया है ।स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
सूचना मिलने पर हम लोग पहुंचे: सीओ
सदर अंचलाधिकारी इंद्रासन शाह ने बताया कि सूचना मिलने पर वे लोग वहां पहुंचे थे। फिलहाल स्थिति सामान्य है।



Comment here