शहर के चंदौती थाना क्षेत्र के एफसीआई गोदाम बंगाली बिगहा मिल पर स्थित जीवन रक्षक हेल्थ केयर हॉस्पिटल प्राइवेट लिमिटेड में बच्चा को जन्म देने के बाद महिला की मौत हो गई। मौत के बाद गुस्साए बंगाली बीघा के लोगों ने हॉस्पिटल के समीप टायर जला हंगामा किया। मृतका के परिजन डॉक्टर की लापरवाही से बच्चे की मां की मौत होना बता रहे थे। साथ ही लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
घटना की सूचना पर पहुंची चैदाती थाने की पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझा कर शांत कराया। महिला की मौत के बाद अस्पताल से डॉक्टर और कंपाउंडर फरार हैं। उनके फोन नंबर भी ऑफ हैं। चंदौती थानाध्यक्ष रन विजय सिंह ने बताया कि बच्चे को जन्म देने के बाद एक महिला की मौत का मामला आया है। गुस्साए परिजनों ने सड़क को जाम किया था लेकि समझा-बुझाकर जाम को हटवा दिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार बंगाली बीघा की रहने वाली प्रियंका देवी को प्रसव को लेकर पास के एक निजी हॉस्पिटल जीवन रक्षक में एडमिट कराया गया था। अस्पताल में स्वस्थ् बच्चे को जन्म देने के बाद महिला ने कुछ ही देर बाद दम तोड़ दिया। परिजनों ने इस मौत को लेकर डॉक्टरों पर इलाज सही से नहीं करने और लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे थे। परिजन आरती कुमारी ने बताया कि डॉक्टर द्वारा इलाज में लापरवाही बरती गयी है। जिसकी वजह से प्रियंका देवी की स्थिति तेजी से बिगड़ गई और डॉक्टर द्वारा दूसरे जगह ले जाने को कहा गया। इस बीच उनकी मौत हो चुकी थी।



Comment here