Breaking News

लालू यादव की छोटी बहू बन सकती हैं डिप्टी CM:तेजस्वी यादव पार्टी चलाएंगे; पहले भी लालू ऐसा कर चुके हैं

बिहार की नई सरकार में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार होंगे। पिछली बार जब जदयू और राजद साथ आए थे तब तेजस्वी को डिप्टी सीएम बनाया गया था, लेकिन इस बार उनकी पत्नी राजश्री (रेचल) को डिप्टी सीएम बनाने की चर्चा है। इसकी वजह- तेजस्वी यादव समेत परिवार के कई लोगों पर लगा घोटालों का दाग बताया जा रहा है। पिछली बार इसी मुद्दे को बीजेपी ने जोर-शोर से उठाया था और नीतीश को लालू परिवार का साथ छोड़ना पड़ा था

राजश्री पर कोई आरोप नहीं है। इसलिए लालू परिवार में इस नाम की चर्चा है। यह बड़ी बात सूत्रों के हवाले से निकल कर सामने आ रही है। सूत्रों की मानें तो छोटी बहू को डिप्टी CM बनाने के मुद्दे पर लालू परिवार और राजद के कुछ खास बड़े नेताओं के बीच बड़े स्तर पर चर्चा हुई है। इस बात पर हामी भरे जाने की संभावना है। हालांकि राजद की तरफ से इस बात को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।

ये हो सकती है डिप्टी CM बदलने की वजह
दरअसल लालू प्रसाद और उनके परिवार के कई सदस्य घोटाले के केस में फंसे हुए हैं। लालू प्रसाद पहले से चारा घोटाला का केस झेल रहे हैं। इसके बाद इनके ऊपर रेलवे में जमीन लेकर नौकरी देने का मामला अलग से दर्ज है। इसी केस में राबड़ी यादव और इनकी बड़ी बेटी मीसा भारती भी नामजद हैं। ये दोनों ही मामले CBI के पास हैं। रेलवे वाले केस में CBI की टीम ने हाल ही में और उसके पहले मई महीने में छापेमारी भी की थी।

तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी रेचल बचपन के दोस्त हैं।

तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी रेचल बचपन के दोस्त हैं।

इसके अलावा CBI के पास ही रेलवे होटल्स के टेंडर को लेकर भी एक केस दर्ज है। इस केस में लालू, राबड़ी और तेजस्वी यादव नामजद हैं। ED ने भी इस मामले में मनी लॉन्ड्रिंग का एक केस दर्ज कर रखा है। लालू प्रसाद और उनके परिवार के कई लोग कानून की जद में आ चुके हैं। आशंका यह जताई गई है कि अगर जांच एजेंसियां कोई कार्रवाई करती हैं तो सरकार पर कोई संकट न आए। इसीलिए राजश्री के नाम को आगे किया गया है, क्योंकि इनकी छवि पूरी तरह से बेदाग है। उन पर कोई केस नहीं है।

सरकारी एजेंसी के जरिए हर पल अपडेट ले रही केंद्र सरकार
सूत्र यह बता रहे हैं कि केंद्र सरकार बिहार में हर पल बदल रही राजनीति को लेकर अपनी गहरी नजर बनाए हुए हैं। सरकारी एजेंसियों के जरिए पिछले तीन दिनों से अंदर खाने की हर खबर केंद्र सरकार तक पहुंच रही है। जदयू-राजद की हर गतिविधि पर केंद्र की नजर है। यह पता राजद और आरजेडी को भी है, इसलिए यह फैसला लिया जा सकता है।

लालू ने राबड़ी को सीएम बनाकर चौंका दिया था
इसके पहले लालू यादव जब चारा घोटाले में फंस गए थे तो उन्होंने अपनी पत्नी राबड़ी देवी को आगे किया था। वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार करके राबड़ी देवी का सीएम पद के लिए नाम प्रस्तावित कर दिया था। इसलिए संभावना है कि राजश्री को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है।

8 महीने पहले शादी हुई थी, 7 साल पहले करीब आए थे
9 दिसंबर 2021 को तेजस्वी यादव ने रेचल (राजश्री) के साथ शादी की थी। दिल्ली के साकेत स्थित मीसा भारती के सैनिक फार्म हाउस पर विवाह समारोह हुआ। पहले दोनों की सगाई हुई। उसके बाद परिवार के सामने तेजस्वी-रेचल ने अग्नि के सात फेरे लिए। कार्यक्रम में पिता लालू प्रसाद यादव, मां राबड़ी देवी, बहन मीसा भारती, भाई तेजप्रताप यादव और UP के पूर्व CM अखिलेश यादव भी पत्नी डिंपल के साथ शामिल हुए थे। तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी रेचल बचपन के दोस्त हैं। करीब 7 साल पहले दोनों एक-दूसरे के करीब आए।

हरियाणा की रहने वाली हैं राजश्री
रेचल चंडीगढ़ के व्यवसायी की बेटी हैं और हरियाणा की रहने वाली हैं। तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी रेचल की दोस्ती बचपन की है। दोनों साथ में DPS, आरके पुरम में पढ़ते थे। वहीं, 2014 से करीब आ गए थे। दोस्ती प्यार में बदली और दोनों एक-दूसरे के हो गए। तेजस्वी लालू-राबड़ी की सबसे छोटी संतान हैं, इसलिए दुलारे भी हैं। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उन्हें माता-पिता को शादी के लिए मनाने में काफी समय लगा।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.