पटना के मनेर थाने की पुलिस ने गुरुवार को आधा दर्जन लूटी गई मोटरसाइकिल के साथ तीन अपराधियों को धर दबोचा है। पुलिस ने उनके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार सभी अपराधी दानापुर के आसपास के इलाकों में लूट और रंगदारी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को सबों को गिरफ्तार कर दिया
बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से मनेर थाने की पुलिस को लगातार रंगदारी और लूट की शिकायतें मिल रही थी। इसी के आधार पर पुलिस ने गुरुवार को एक टीम गठन कर अपराधियों के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया। इसमें पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने महीनावा गांव से लव कुश कुमार, पप्पू कुमार एवं आकाश गुप्ता को आधा दर्जन मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की पुष्टि करते हुए मनेर थाना के प्रभारी राजीव रंजन ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों के पास से लूटी गई बाइक मोटरसाइकिल के अलावा कई हथियार और गोली बरामद किए गए हैं। पुलिस का मानना है कि गिरफ्तार सभी अपराधी मनेर सहित आसपास के इलाकों में हथियार के बल पर लूटपाट की घटना को अंजाम देते थे। इन सभी लोगों की गिरफ्तारी के बाद आसपास के क्षेत्रों में लूटपाट की घटनाओं में कमी आने की बात बताई जा रही है।





Leave a Reply