राज्य में किसान सम्मान निधि योजना का लाभ लेने वाले 83.64 लाख किसानों में से 21.68 लाख ने अबतक अपना ई-केवाईसी नहीं कराया है। 31 जुलाई आखिरी तिथि है। अब केवल चार दिनों में ई-केवाईसी नहीं कराने पर 21.68 लाख किसानों काे सरकार फर्जी किसान या मृत मानते हुए उन्हें किसान सम्मान निधि से वंचित कर देगी।
राज्य के 83.70 लाख किसान पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ उठा रहे थे। लेकिन, इनमें 5.7 हजार किसानों के आयकर दाता या पति व पत्नी दाेनाें के इस योजना में नाम हाेने से सरकार ने इनका नाम पीएम किसान योजना की सूची से हटाते हुए उनसे राशि की वसूली करने का निर्देश दिया है।
अब सरकार ने बढ़ाई गई समय सीमा के अनुसार अगले चार दिनों में अंतिम तिथि के खत्म हाेने पर अबतक ई-केवाईसी नहीं कराने वाले किसानों काे योजना से वंचित करने का निर्देश दिया है। अबतक योजना का लाभ लेने वाले कुल किसानों का 74 फीसदी यानी 61.99 लाख किसानों ने ही किसान पोर्टल पर अपनी पूरी जानकारी देते हुए ई-केवाईसी कराया है।
मुजफफरपुर के 307089 किसानों ने ही कराया ई-केवाईसी
मुजफ्फरपुर जिले में कुल 406308 किसान अबतक पीएम किसान सम्मान निधि योजना का लाभ ले रहे हैं। इसमें से 99219 किसानों ने अपना केवाईसी नहीं कराया है। यह कुल लाभुक किसानों का 25 फीसदी हैं।
जिला कृषि अधिकारी शिलाजीत सिंह ने प्रखंडवार इन किसानों की सूची भेजते हुए इनका स्थलीय जांच कर सभी बीएओ से रिपोर्ट मांगी है। चार दिनों में इन किसानों ने ई-केवाईसी नहीं कराया ताे इन्हें योजना के लाभ से वंचित कर दिया जाएगा। ऐसे में एक अगस्त से ई-केवाईसी कराने वाले 307089 किसान ही अब पीएम किसान सम्मान निधि के हकदार हाेंगे।









Comment here