गोपालगंज के उचकागांव थाना क्षेत्र के भगवान टोला ग़ांव में आकाशीय बिजली के सम्पर्क में आने से गुरुवार को एक महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार कोहराम मच गया। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हो गया। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर असपताल भेज दिया। मृतक़ा भगवान टोला गांव निवासी अमरजीत यादव की लगभग 40 वर्षीय पत्नी कुसुम देवी बताई जा रही है।
दरअसल घटना के सन्दर्भ में बताया जाता है कि उचकागांव थाना क्षेत्र के बलेसरा पंचायत के वार्ड नंबर सात स्थित भगवान टोला निवासी अमरजीत यादव की लगभग 40 वर्षीय पत्नी कुसुम देवी अपने परिवार के लोगों के साथ गांव के रेलवे ढाला के पास स्थित अपने खेत में मूसलाधार पानी आने के बाद खेत की रोपाई करने के लिए गई हुई थी। इसी दौरान गुरुवार की देर शाम बिजली कड़कने की आवाज के साथ गिरी आकाशीय बिजली के चपेट में आने से वह बुरी तरीके से झुलस गई। जब तक आसपास में धान की रोपाई में लगे परिवार के लोग कुछ समझ पाते तब तक उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जिसके बाद मृतक के घर पर चीख-पुकार मच गई। इस दौरान मृतक के पति अमरजीत यादव, उनकी बेटी गुड्डन कुमारी, प्रियंका कुमारी और निक्की कुमारी का रो रोकर बुरा हाल है।
सूचना मिलने पर दल बल के साथ मौके पर पहुंचकर थानाध्यक्ष सुबाष कुमार सिंह ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। घटना के बाद से मृतक के दरवाजे पर मातम का माहौल है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला का एक बेटा और चार बेटियां हैं। जिसमें से मात्र एक ही बेटी का अब तक विवाह हो सका था। परिवार की माली हालत को देखते हुए बेटा नितेश को विदेश कमाने के लिए भेजने के बाद वह जल्द ही अपने अन्य बेटियों के भी हाथ पीले करने के सपने देख रही थी।



Leave a Reply