बेगूसराय पुलिस लाइन में 9 माह से चल रहे 268 प्रशिक्षुओं का प्रशिक्षण सम्पन्न हो गया। इसके उपरांत गुरुवार को पासिंग परेड का आयोजन किया गया था । बेगूसराय पुलिस लाइन में आयोजित समारोह में मुख्य तिथि के रूप में बेगूसराय रेंज के डीआईजी सत्यवीर कुमार ने प्रशिक्षण प्राप्त जवानों को शपथ दिलाई। इस दौरान प्रशिक्षित सिपाहियों के घर से भी काफी लोग बेगूसराय पुलिस लाइन पहुंचे थे। अपने बेटे को पुलिस की वर्दी में ट्रेनिंग के पासिंग परेड में देख परिजनों का सीना गर्व से ऊंचा हो रहा था।
शपथ ग्रहण के बाद पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया जहां भागलपुर के 196 अररिया के 72 कुल 268 जवानों के 8 पलातूनों ने पासिंग आउट परेड में हिस्सा लिया। डीआईजी सत्यवीर कुमार ने कहा कि आज का दिन प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे सिपाहियों के लिए गौरवशाली और सुखद का क्षण होता है। पुलिस विभाग का काम दिन-ब-दिन चुनौतीपूर्ण हो रहा है, पुलिस विभाग साहस समर्पण, बलिदान और त्याग का प्रतीक है। डीआईजी ने कहा कि जितनी पॉवर आपके पास है। उतना पॉवर किसी के पास नहीं है। कानून के दायरे में रहना है, सेवा भाव , कानून पालन , कमजोर वर्ग का उत्थान , सभी को सुरक्षा का भाव प्रदान करना है।
आप प्रोफेशनल लाइफ में ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के साथ जनता और देश की सेवा करते हैं जो आजीवन रखना पड़ता है। समापन समारोह में एसपी योगेंद्र कुमार समेत कई पुलिस विभाग के अधिकारी और डीडीसी मौजूद थे। पासिंग परेड समापन के बाद पुलिस लाइन में सभी जवानों ने एक दूसरे से मिलकर खुशियां बांटी। साथ ही एक दूसरे से दूर होने का सभी को मलाल भी हो रहा था।



Comment here