Breaking News

नवादा में हथकड़ी की रस्सी तोड़ कैदी हुआ फरार:बकरी चोरी के आरोप में हुई थी गिरफ्तारी, ऑटो से कूदकर भागा

नवादा नगर थाना क्षेत्र के खुरी नदी पुल पर से एक कैदी पुलिस अभिरक्षा से भाग निकला। उसे गोविंदपुर थाना की पुलिस ऑटो से पेशी के लिए कोर्ट लेकर जा रही थी। तभी हथकड़ी की रस्सी तोड़कर वह भाग निकला। फरार कैदी डीसी यादव उर्फ विक्की कुमार गोविंदपुर थाना क्षेत्र के महुगाय का रहने वाला है। उसे रात उसके घर से गिरफ्तार किया गया था।

पेशी के लिए कोर्ट लेकर पहुंचे सिपाही धनंजय कुमार, संजय प्रसाद व नवीन सिंह ने बताया कि खुरी नदी पुल के पास पहुंचते ही कैदी ने रस्सी तोड़ दिया और ऑटो से कूद गया। इसके बाद तेजी से खुरी नदी में छलांग लगाकर भाग निकला। कैदी को पकड़ने की काफी कोशिश की गई। पीछा भी किया, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। इस सम्बंध में नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पुलिसकर्मियों ने बताया कि विक्की के खिलाफ 17 जून को बकरी चोरी की प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। जिसमें उसे गुप्त सूचना पर घर से ही गिरफ्तार किया गया। इधर, कैदी के भागने की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस कैदी की तलाश में जुट गई है।

नौ दिनों में कैदी के भागने की दूसरी घटना

नौ दिनों के अंतराल में कैदी के भागने की यह दूसरी घटना है। इसके पहले छह जुलाई को सदर अस्पताल परिसर से गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव निवासी नौशाद अंसारी उर्फ मंटू भाग निकला था। उसे 60 लीटर शराब के साथ सीतामढ़ी ओपी की पुलिस ने गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे कोरोना की जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया था। जहां वह हथकड़ी सरका कर भाग निकला था। अभी तक उसे गिरफ्तार नहीं किया जा सका है।

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.