12 साल में एक शहर में तीन शादियां करने वाली सुनीता का हैरान कर देने वाला सच सामने आया है। सीतामढ़ी की सुनीता ने अपने तीसरे पति के खिलाफ SC-ST थाना में केस दर्ज कराया है। आरोप लगाया है कि उसे पति और ससुराल वालों ने जातिसूचक बातें कहते हुए प्रताड़ित किया है। उसे मारपीट कर धक्का मारकर घर से निकाल दिया गया। लोगों के सामने उसे घसीटा गया। वह ‘बेपर्द और लज्जाभंग हो गई।’
सुनीता ने ठीक यही बातें करीब डेढ़ साल पहले अपने दूसरे पति और उसके परिवार वालों के खिलाफ भी कही थी। तब भी सीतामढ़ी के इसी SC-ST थाने में की गई FIR में उसने पति और ससुराल वालों पर जातिसूचक बातें कहते हुए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया था।
यह भी कहा था कि उसे मारपीट कर धक्के मारकर घर से बाहर निकाल दिया गया। लोगों के सामने घसीटा गया। इस दौरान अन्य लोग भी आ गए, जिनके सामने वह ‘बेपर्द और लज्जाभंग हो गई।’ दोनों ही बार आरोपित के खिलाफ लगाई गई IPC और SC-ST एक्ट की धाराएं भी लगभग एक समान हैं।

2020 की FIR कॉपी(बाएं) और अभी किया गया FIR(दाएं)
10 साल में की 3 शादियां, दो को छोड़ा
बता दें कि 27 साल की सुनीता ने दो बार बिना तलाक के पतियों को छोड़ने के बाद तीसरी बार यह शादी की है। 2010 में हुई पहली शादी से उसे 10 साल का एक बच्चा भी है। पहले पति को छोड़ने के बाद महिला ने दूसरी शादी सुरसंड थाना क्षेत्र के श्रीखण्डी भिट्ठा गांव के विमलेश कुमार सिंह से की। कुछ दिन बाद उसने विमलेश पर केस दर्ज कराया। इसकी एफआईआर संख्या 39/2020 है। यह केस अभी कोर्ट में लंबित है।
इसी बीच सुनीता ने अब रुन्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के मानिक चौक निवासी डॉ. धर्मेंद्र कुमार के बेटे अवनीश कुमार पर FIR दर्ज कराई है।
तीसरे पति अवनीश से कैसे हुई मुलाकात
सुनीता का अब एक वीडियो सामने आया है, इसमें वह अपने तीसरे पति अवनीश कुमार के साथ बर्थडे मना रही है। अवनीश से उसकी मुलाकात सीतामढ़ी के ही एक बाइक शोरूम में हुई थी। वह इस शोरूम में बीते 5 साल से काम कर रही थी।

मामले में सामने आए एक नए वीडियो से ली गई तस्वीर।
सुनीता ने थाने में कराए FIR में कहा है कि जनवरी-फरवरी 2022 के आसपास अवनीश उसे कॉल करता था और शादी करने की बात कहता था। 13 फरवरी को वह अचानक अपने घरवालों के साथ आ गया और उससे मुलाकात की। सुनीता ने पहले अवनीश के घरवालों को बताया कि वह शादीशुदा है और एक बच्चे की मां है। फिर भी अवनीश के घरवाले शादी के लिए तैयार हो गए और 22 मार्च को दोनों की शादी मंदिर में हो गई।
सुनीता के अनुसार शादी करने और रिलेशन बनाने के बाद अवनीश उससे दहेज के तौर पर जमीन की मांग करने लगा। मना करने पर परिवार द्वारा मारा-पीटा जाने लगा। इस बीच उसका दो माह का गर्भ भी जबरन गिरवा दिया गया।
सुनीता के पास 2 आधार कार्ड, दोनों में पति का नाम और टाइटल अलग
पूरे मामले में अवनीश के परिवार वालों ने सुनीता पर जालसाजी का आरोप लगाया है। अवनीश फिलहाल बाहर है। उसके बड़े भाई आलोक ने बताया है कि सुनीता और अवनीश लिव इन रिलेशनशिप में थे। लेकिन एक दिन अचानक उसने अवनीश से जबरन अपनी मांग में सिंदूर भरवाकर शादी कर ली।
परिवार को जब सच का पता चला तो अब वह पुलिस से न्याय की गुहार लगा रहे हैं। जांच करने पर उन्हें सुनीता के दो आधार कार्ड मिले। दोनों आधार कार्ड पर पहले के दोनों पतियों का नाम दर्ज है। साथ में कोर्ट में लंबित केस का पेपर भी मिला। आलोक के अनुसार उसके भाई को पहले से सुनीता के इन हरकतों की जानकारी नहीं थी।
मामले में पुलिस फिलहाल जांच कर रही है। SC-ST थानाध्यक्ष एनके पासवान ने कहा कि उन्हें एक ही केस के बारे में जानकारी है। दूसरे केस की बारे में उन्हें कुछ मालूम नहीं है। फिलहाल अवनीश के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। ईद के बाद कार्रवाई करेंगे।



Leave a Reply