Breaking News

खराब मौसम के कारण जम्मू से अमरनाथ यात्रा रोकी गई, श्रद्धालुओं के नए जत्थे को आगे जाने की अनुमति नहीं

जम्मू: खराब मौसम के कारण जम्मू से अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है और किसी भी नए जत्थे को यहां से दक्षिण कश्मीर स्थित गुफा मंदिर के आधार शिविरों में जाने की अनुमति नहीं दी गई है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी. अमरनाथ गुफा के निकट शुक्रवार को बादल फटने से अचानक आई बाढ़ के कारण 16 लोगों की मौत हो गई थी जबकि लगभग 40 लोग लापता हैं.विज्ञापन

एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘खराब मौसम के कारण जम्मू से कश्मीर में दो आधार शिविरों के लिए अमरनाथ यात्रा स्थगित कर दी गई है. किसी भी नए जत्थे को अमरनाथ की ओर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है.’’ यह 43 दिवसीय वार्षिक तीर्थयात्रा 30 जून को दो मार्गों से शुरू हुई. दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग के पहलगाम में नुनवान से 48 किलोमीटर का पारंपरिक मार्ग है और दूसरा मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में बालटाल मार्ग 14 किलोमीटर छोटा है.

अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गुफा मंदिर में पूजा की है. यह यात्रा 11 अगस्त को रक्षा बंधन के अवसर पर समाप्त होने वाली है. गत 29 जून से अब तक जम्मू के भगवती नगर आधार शिविर से 10 जत्थों में कुल 69,535 तीर्थयात्री घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं.

शुक्रवार को बादल फटने से आई थी बाढ़

बता दें कि दक्षिण कश्मीर में स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के पास शुक्रवार शाम को बादल फटने से आई आकस्मिक बाढ़ में कई लोग बह गए. मलबे में दबने से अब तक 16 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 40 यात्री लापता हैं. इस हादसे में 65 लोग घायल हुए हैं. हालांकि, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा कि यह घटना बादल फटने की वजह से नहीं हुई है.

इस घटना में प्रभावित श्रद्धालुओं के परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर- एनडीआरएफ- 011-23438252 011-23438253, कश्मीर संभागीय हेल्पलाइन- 0194-2496240 श्राइन बोर्ड हेल्पलाइन- 0194-2313149 जारी किए गए हैं.  वहीं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने अधिकारियों के साथ बैठक करके राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाए जाने के लिए निर्देश दिए.

Leave a Reply

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.