शहर के एक बड़े ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल में मोरल स्टडीज (नैतिक शिक्षा) जैसे गंभीर विषय का पाठ पढ़ाने वाली शिक्षिका ने ही नैतिक मूल्यों को ताक पर रखते हुए चौथी क्लास के बच्चे को बेरहमी से पीट कर जख्मी कर दिया है। उसे गहरी अंदरुनी चोटें आई हैं। उसके दाहिने हाथ में न केवल स्वेलिंग है बल्कि उसका हाथ भी नीला पड़ गया है। हद तो तब हो गई जब शिक्षिका का क्लास रुम में बच्चे को पीटने से मन नहीं भरा तो उसने स्टाफ रूम में बुला कर उसकी धुनाई की। इससे उसका चश्मा जमीन पर गिर गया और उसके आंखों के आगे पूरी तरह से अंधेरा छा गया।
अचरज की बात है कि स्टाफ रूम में बच्चे को पीटे जाने के दौरान और भी शिक्षक थे, पर उन्होंने शिक्षिका को रोकने के बजाए पूरी घटना पर चुप्पी साधे रखी। यह सब बातें पीड़ित बच्चे ने अपने घर में बताई हैं। इस बारे में स्कूल के डायरेक्टर से बातचीत करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कहा कि हम बाद में बात करते हैं और फोन काट दिया। दो घंटे बाद दुबारा उनसे संपर्क कर घटना के बारे में बताया गया तो उन्होंने कहा कि मामला थाने में चला गया है, जो गलत है। हमने बच्चे के अभिभावक को कहा था कि सोमवार को आइए, निश्चित तौर पर कार्रवाई होगी।
क्या है मामला
9 साल का आयुष सिंह ब्रिटिश इंग्लिश स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ता है। उसके अनुसार शनिवार को मोरल का पाठ पढ़ाने वाली शिक्षिका होमवर्क चेक करने के लिए बच्चों से कापी क्लेक्ट कर रही थीं। आयुष सिंह की जब बारी आई तो उसने कहा कि मैम हमारी कापी आपके पास पहले से है। आपने तो कापी लौटाया नहीं, फिर कहां से हम कापी दे दें। बच्चे की यह बात टीचर को इतनी बुरी लग गई कि वह अपना आपा खो बैठी और क्लास रूम में ही बेरहमी से धुनाई करने में जुट गईं। मार से बच्चा जब कराह उठा तो शिक्षिका क्लास छोड़ कर स्टाफ रूम में चली गईं। लेकिन वहां जाने के बाद भी उनका मन मस्तिष्क शांत नहीं हुआ। उन्होंने चौथे क्लास के मॉनिटर से आयुष को स्टाफ रूम में बुलवाया और फिर वहां भी जानवरों की तरह उसकी धुनाई की।
इधर आयुष के पिता अजित सिंह ने बताया कि हमने मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत की है। केस फिलहाल दर्ज नहीं किया गया है। पुलिस कर्मियों ने कहा है कि आज रविवार है। सोमवार को स्कूल खुलेगा तो एक बार स्कूल में जाकर मामले की जांच पड़ताल करके केस दर्ज लिया जाएगा। पुलिस ने भरोसा दिया है कि इस मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। बच्चों को पीटने का किसी के पास कोई राइट नहीं है। यह कानूनन गलत है।







Leave a Reply