नवनियुक्त शिक्षकों को सभी जिलों में वेतन का भुगतान अब तक नहीं हुआ है। इनकी संख्या लगभग 42 हजार है। पांच माह से ये शिक्षक बिना वेतन के काम करने को मजबूर हैं।
अप्रैल 2022 में वेतन भुगतान के लिए पत्र लिखा गया था
23 अप्रैल 2022 को प्राथमिक शिक्षा निदेशक रवि प्रकाश ने सभी जिलों के जिला पदाधिकारियों और सभी जिला कार्यक्रम पदाधिकारियों को पत्र लिखकर कहा था कि ‘ बिहार पंचायत प्रारंभिक शिक्षक नियोजना एवं सेवा शर्त नियमावली 2012 और बिहार नगर प्रारंभिक शिक्षक नियोजन एवं सेवा शर्त नियमावली 2012 में निहित प्रावधानों के आलोक में शिक्षक नियोजन वर्ष 2019-20 के अंतर्गत नियुक्त शिक्षकों के सभी प्रमाण पत्रों के सत्यापन के बाद वेतनादि के भुगतान का निदेश संसूचित है। इस संबंध में निदेश है कि वैसे नवनियुक्त शिक्षकों के जिनके सभी प्रमाण पत्रों का सत्यापन हो चुका हगै, वेतन भुगतान की कार्रवाई की जाए।’
38 में कुछ ही जिलों में वेतन भुगतान
टीईटी एसटीईटी उतीर्ण नियोजित शिक्षक संघ के प्रदेश प्रवक्ता अश्विनी पांडेय ने कहा है कि कई जिलों में नवनियुक्त शिक्षकों को वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। उन्होंने बताया है कि नवादा में अप्रैल से जून तक का अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। नालन्दा में जून का वेतन नहीं आया है। रोहतास में मई तक का वेतन मिल चुका है। सीतामढ़ी, वैशाली, दरभंगा में जून तक का वेतन बकाया है।
बीआरसी, जिला कार्यालय को डाटा भेजने में देर कर रहा
संघर्षशील शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद सिंह ने कहा कि दरभंगा में कहा जा रहा है कि प्रखंड स्तर से डाटा नहीं भेजा जा रहा है। बीआरसी वाले देर कर रहे हैं। बीआरसी से जब तक डाटा जिला कार्यालय में नहीं जाएगा और वह अपलोड नहीं होगा तब तक भुगतान नहीं होगा। यूएन नंबर डाटा देने के बाद ही जेनरेट होगा। राजेन्द्र सिंह ने मांग की कि सरकार को बीआरसी को सख्त निर्देश देना चाहिए। कटिहार, जहानाबाद, रोहतास में चार माह का वेतन दिया गया है। लेकिन यहां भी कुछ प्रखंड में बकाया है। दरभंगा में एक माह का ही वेतन दिया गया है। उन्होंने कहा कि 23 फरवरी से नवनियुक्त शिक्षक काम कर रहे हैं। सरकार ने जून तक के वेतन मद की राशि भी जिला को भेज दी पर भुगतान नहीं किया जा रहा है। वेतन नहीं मिलने की वजह से शिक्षकों को मकान किराया देने में दिक्कत हो रही है। किराना दुकानदार के यहां बकाया हो गया है। ट्रांसपोर्टिंग में दिक्कत हो रही है। दिमागी रुप से शिक्षक तनाव में हैं। उन्होंने सरकार से नवनियुक्त शिक्षकों को ग्रेड पे देने की मांग की है क्योंकि इस बार नियुक्त सभी शिक्षक ट्रेंड हैं।
कई तरह की कठिनाई झेल रहे हैं शिक्षक
टीईटी शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अमित विक्रम ने कहा कि नवनियुक्त शिक्षकों के वेतन भुगतान में हो रही देरी की वजह से शिक्षकों में बहुत आक्रोश है। पिछले महीने से अधिक समय से वे कार्यरत हैं, ससमय स्कूल जा रहे हैं और अध्यापन कार्य पूरे तन मन से कर रहे हैं। लेकिन पैसे के अभाव में उन्हें बहुत सारी मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। जो किराए के मकान में रह रहे हैं उन्हें किराया देने में दिक्कत आ रही है और जो अपने घरों से दूर यातायात के साधनों से आवागमन करते हैं उन्हें भी बहुत मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में सरकार से अनुरोध है कि जल्द से जल्द सभी नवनियुक्त शिक्षकों का वेतन भुगतान सुनिश्चित करें।







Leave a Reply