बेली रोड को ट्रैफिक जाम से निजात दिलाने और शहर के महत्वपूर्ण भागों को आपस में कनेक्ट करने वाले लोहिया पथचक्र के फेज-2 का निर्माण कार्य तेज हो गया है। इसके डिजाइन में बड़ा बदलाव किया गया है। पहले पिलर के लिए 9 मीटर खुदाई की प्लानिंग थी। अब 4 मीटर तक ही होगी। पायलिंग की गहराई को इसलिए कम किया गया है, ताकि नीचे संप और ड्रेनेज सिस्टम प्रभावित न हो। लोहिया पथचक्र के पहले हिस्से में 9 मीटर की खुदाई हाेने से नए सिरे से संप व ड्रेनेज बनाना पड़ा था।
इसके चलते भी पहले फेज को बनाने में करीब पांच साल का वक्त लग गया। नए डिजाइन से फेज-2 काे बनाने में छह महीने का वक्त घट जाएगा। विभागीय इंजीनियरों के मुताबिक अगले साल जून तक पथचक्र के दूसरे हिस्से की सुविधा शहर के लोगों को मिलने की उम्मीद है। पहले के डिजाइन के अनुसार निर्माण होता तो 2024 तक यह प्रोजेक्ट पूरा होता। डिजाइन बदलने से करीब 10 करोड़ रुपए की बचत भी संभव है। नए डिजाइन को आईआईटी रूड़की ने अप्रूव कर दिया है।
तीन हिस्से में 10 लेन में बनेगा पथचक्र
पथ चक्र की सभी अलग-अलग लेन को 10 हिस्सों में बनाया जाएगा। दारोगा राय पथ से शुरू होकर यह पुल हड़ताली मोड़ तक आएगा। यहां से बोरिंग कैनाल रोड से जुड़ेगा। सभी लेन काे मिलाकर करीब 3 किमी लंबाई तक का यह पथचक्र होगा। लोहिया पथचक्र को तीन हिस्से में बनाने की प्लानिंग है। तय डिजाइन के मुताबिक पहला हिस्सा दारोगा राय पथ स्थित विजिलेंस ऑफिस से शुरू होकर हड़ताली मोड़ तक 350 मीटर लंबे पुल का निर्माण चल रहा है। इसके बाद दूसरा हिस्सा हड़ताली मोड़ से बोरिंग रोड में बुद्धा होटल के पास तक पुल 250 मीटर लंबा ब्रिज बनेगा।
बोरिंग रोड के हिस्से में दो लेन का पुल ऊपर से गुजरेगा और सर्विस रोड दो लेन में होगी। इसी तरह तीसरे हिस्से में अटल पथ के नीचे से एक पुल शुरू होगा और बिहार म्यूजियम के पहले समाप्त होगा। इस हिस्से की लंबाई लगभग 100 मीटर तक ही होगी। इंजीनियरों न बताया कि हड़ताली माेड़ के पास अंडरग्राउंड जंक्शन बनेगा, जहां से पथ चक्र के तीनों हिस्सों का डायवर्जन हाेगा।
यू-टर्न नहीं, सिग्नल फ्री होगा पथचक्र
जिस तरह से पथचक्र के पहले हिस्से से लोगों को यू-टर्न के झंझट से मुक्ति मिली है, ठीक उसी तरह फेज-2 वाले पथचक्र में वही सुविधा मिलेगी। साथ ही किसी पूरे पथचक्र में कहीं भी ट्रैफिक सिग्नल नहीं हाेगा। नए ब्रिज बनने के बाद बेली रोड पर ट्रैफिक जाम नहीं होगा। साथ ही आर ब्लॉक से सीधे अब बोरिंग रोड जाने के लिए बेहतर विकल्प लोगों को मिल जाएगा। हाईकोर्ट के पहले से यू-टर्न करने की जरूरत नहीं हाेगी।



Comment here