Breaking News

सरकारी स्कूलों में पढ़ाए जाएं नेताओं के बच्चे

बिहार में शिक्षा व्यवस्था के सुधार को लेकर जमुई सांसद व लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने राज्य सरकार से बड़ी मांग कर दी है। चिराग ने कहा है कि राज्य में शिक्षा व्यवस्था में सुधार लाना है, इसे बेहतर बनाना है तो इसके लिए जरूरी है कि सभी नेताओं के बच्चों को सरकारी स्कूलों में पढ़ाया जाना चाहिए। जब तक नेता के बच्चे सरकारी स्कूलों में नहीं पढेंगे तो व्यवस्था ठीक नहीं होगी। इसके लिए बहुत जरूरी है कि नेताओं के बच्चों को सरकारी स्कूलों पर पढ़ाया जाए।

दरअसल, शनिवार को पटना में दक्षिण भारत की यूनिवर्सिटी GITAM का लॉन्चिंग प्रोग्राम था। जिसमें चिराग पासवान मुख्य अतिथि थे। इसी प्रोग्राम में चिराग ने CM नीतीश कुमार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि शिक्षा के महत्व को मैं समझता हूं। मगर, हमारे राज्य के नीति निर्धारक उतना नहीं समझते हैं। बिहार में ज्ञान और टैलेंट की कमी नहीं है। यहां कमी है तो व्यवस्था की है। शिक्षा के मामले में विहार का गौरवशाली इतिहास रहा है। पर आज की तारीख में सबसे ज्यादा हासिए पर बिहार में शिक्षा व्यवस्था ही है।

यहां के बच्चे दूसरे प्रदेश में जाते हैं। वहां पढ़ाई कर टॉप करते हैं। चिराग ने सवाल उठाते हुए कहा कि कोटा का हाल देखिए। वहां पढ़ने वाला और पढ़ाने वाले बिहारी हैं। वहां शिक्षण संस्थानों के मालिक बिहारी हैं। पर व्यवस्था राजस्थान सरकार की है। वो व्यवस्था बिहार में क्यों नहीं हो सकती है?

उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हमारे CM को पब्लिक पॉलिसी की जरूरत है। हमारे CM उम्र और अनुभव में मुझ से काफी बड़े हैं। पर मुझे उनकी नीतियों से दिक्कत है। बिहार में प्रखंड स्तर पर शिक्षा व्यवस्था बेहद खराब है। हमारा राज्य अक्सर गलत नीतियों को लेकर सुर्खियों में रहता है। मौके पर चिराग ने टीचर्स की बहाली पर भी सवाल उठाया। कहा कि ऐसे टीचर्स की बहाली सरकार ने की जो बच्चों सही से पढ़ा नहीं पाते हैं। जब उनसे कोई सवाल पूछा जाता है तो उसका सही जवाब नहीं दे पाते हैं। इसे लेकर कई बार सुर्खियां बनी। इन्हें बहाल करने वाले राज्य के अधिकारी भी बड़े दोषी हैं।

जमुई के सांसद ने कहा कि बिहार में बीमार पड़ने पर इमरजेंसी में गरीब परिवारों को एम्बुलेंस की सुविधा नहीं मिल पाती है। मगर, हमारे CM आंख का एक छोटा सा ऑपरेशन कराने के लिए चार्टेड प्लेन से दिल्ली जाते हैं। बिहार शिक्षा के साथ ही मेडिकल व्यवस्था को दुरुस्त करना है। यहां से लोगों के पलायन को रोकना है। राज्य को विकसित बनाना है। इसके लिए व्यवस्था बदलने की सोंच के साथ बिहार को बदलना चाहता हूं। इस प्रोग्राम में बोचहा विधायक अमर पासवान, MLC व बिस्कोमान के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह, बिहार पुलिस एसोसिएशन के अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार सिंह, GITAM यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर उदय कुमार मौजूद थे। मौके पर यूनिवर्सिटी के डायरेक्टर सभी कोर्स, एडमिशन और कैम्पस सलेक्शन को लेकर उनकी पॉलिसी के बारे में डिटेल से बताया।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.