बेगूसराय में शनिवार की सुबह से एनएच 28 को आक्रोशित ग्रामीणों ने तेघड़ा थाना क्षेत्र के त्रिमुहानी ढाला के समीप जाम कर दिया। परिजनों ने बताया कि युवक का अपहरण कर लिया गया है। युवक की सकुशल बरामदगी को लेकर परिजनों ने एनएच -28 को जाम कर दिया।
अपहृत युवक रजनीश कुमार की बरामदगी की मांग को लेकर सैकड़ों लोग अड़े हुए हैं। यह घटना तेघड़ा थाना क्षेत्र के आधारपुर गांव की है । बताया जा रहा है कि रजनीश कुमार बीते शाम से ही अपने घर से किसी साथी से मिलने की बात कहकर निकला था। देर रात फिर वापस नहीं आया।

घर के बाहर जुटी ग्रामीणों की भीड़।
10 वर्ष पूर्व अपराधियों ने कर दी थी पिता की हत्या
परिजनों ने अपहरण का आरोप लगाकर पुलिस को इसकी सूचना दी है। दरअसल, रजनीश कुमार के पिता मुकेश कुमार सिंह की 10 वर्ष पूर्व अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसी को लेकर परिजन भयभीत है। मिली जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार सिंह बछवारा थाना क्षेत्र के हादीपुर के निवासी थे। जब उनकी हत्या अपराधियों ने कर दी थी।
तब मुकेश कुमार सिंह की पत्नी अपने पुत्र को लेकर अपने मायके तेघड़ा थाना क्षेत्र के आधारपुर चली गई। वहीं पर घर बनाकर रहने लगी थी। पर शुक्रवार की शाम जैसे ही रजनीश कुमार घर से निकला और देर रात तक वापस नहीं आया तब परिजनों के मन में आशंका और डर समा गया है। परिजनों ने अपहरण की आशंका के साथ-साथ सड़क को जाम कर प्रदर्शन कर रहे है। तेघड़ा पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की छानबीन की जा रही है।

ग्रामीणों को समझाती पुलिस।
दोस्त ने फोन कर घर से बुलाया था
बीती रात रजनीश कुमार खाना पीना खाकर घर पर सोने की तैयारी में था। तभी उसके एक अन्य दोस्त ने उसे फोन कर किसी काम के बहाने घर से बाहर बुलाया। वह घर के दरवाजे को बाहर से ताला लगाकर अपने दोस्त के साथ चला गया।
कुछ ही देर बाद उसके दोस्त ने उसकी मां को फोन कर कहा कि रजनीश का अपहरण हो गया है। मुझे कुछ लोग बांध के डराया धमकाया उसे बुलाने के लिए कहा था । इसीलिए मैंने उसे बुलाया था । रजनीश की मां का रो रो कर बुरा हाल हो रहा है।



Leave a Reply