श्रावणी मेले में कांवरियों की सुविधा के लिए रेलवे मेला स्पेशल ट्रेनों की संख्या बढ़ा रहा है। रक्सौल-भागलपुर के बाद अब गोरखपुर-देवघर भाया मुंगेर-भागलपुर स्पेशल ट्रेन भी चलेगी। यह ट्रेन 12 जुलाई से 13 अगस्त तक प्रतिदिन चलेगी। ट्रेन में केवल जनरल बाेगी रहेगी। यह दोनों दिशाओं में 32-32 फेरा लगायेगी। ट्रेन का ठहराव 21 स्टेशनों पर होगा। इससे उन स्थानों के बम को आने में सुविधा होगी।
दोनों दिशा में लगेंगे 32-32 फेरे, सुल्तानगंज से सुबह 6.55 बजे देवघर के लिए खुलेगी ट्रेन
यह ट्रेन गोरखपुर से रात 8 बजे खुलेगी और सुबह 6 बजे सुल्तानगंज पहुंचेगी। यहां पर इसका 54 मिनट ठहराव होगा। फिर यहां से सुबह 6.55 बजे आगे प्रस्थान करेगी। भागलपुर सुबह 8 बजे और देवघर दोपहर 12.40 बजे पहुंचेगी। देवघर से यह ट्रेन 7.45 बजे शाम में खुलेगी, जो भागलपुर रात 10.55 बजे, सुल्तानगंज रात 11.25 बजे और गोरखपुर अगले दिन 11.20 बजे पहुंचेगी। इसमें 13 सामान्य कोच सहित कुल 15 कोच होंगे। इस ट्रेन के चलने से पूर्वी उत्तर प्रदेश के साथ-साथ सीवान, छपरा, आदि इलाकों से आने वाले कांवरियों को काफी राहत मिलेगी।
इन स्टेशनों पर रुकेगी ट्रेन
यह ट्रेन चौरीचौरा, देवरिया सदर, भटनी, मैरवा, सीवान, एकमा, छपरा, दिघवारा, सोनपुर, हाजीपुर, देसरी, शाहपुर पटोरी, बछवारा, बरौनी, बेगूसराय, साहिबपुर कमाल, मुंगेर, सुल्तानगंज, भागलपुर, देवघर आदि स्टेशन पर रुकेगी।
अब अभयपुर में भी होगा रक्सौल भागलपुर स्पेशल ट्रेन का ठहराव
रक्सौल-भागलपुर मेला स्पेशल ट्रेन का ठहराव अब अभयपुर में भी होगा। इसको लेकर शुक्रवार को रेलवे ने नोटिफिकेशन जारी किया है। यह दो मिनट के लिए यहां रुकेगी। अप में यह ट्रेन दोपहर 12.51 बजे और डाउन में यह 6.29 बजे अभयपुर पहुंचेगी। इसके साथ ही रक्सौल-भागलपुर मेला स्पेशल का ठहराव रक्सौल से भागलपुर के बीच अब 11 से बढ़कर 12 स्टेशनों पर हो गया। जिसमें छौरादानो, बैरगनिया, सीतामढ़ी, रून्नीसैदपुर, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, बरौनी, मनकट्ठा, किऊल, अभयपुर, जमालपुर व सुलतानगंज शमिल हैं।



Leave a Reply