काजी मोहम्मदपुर थाने की पुलिस ने सेना भर्ती के फर्जीवाड़ा मामले में दरभंगा के बहेड़ा से अशोक यादव उर्फ राकेश कुमार को आठ साल बाद गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ के बाद उसे शुक्रवार को कोर्ट में प्रस्तुत कर जेल भेज दिया गया। आरोपी राकेश वर्तमान में दरभंगा स्थित एक मेडिकल स्टोर में सेल्समैन की नौकरी कर रहा था। वहीं दूसरे आरोपी के खिलाफ पुलिस वारंट लेने की कवायद कर रही है। पूछताछ में उसने तीन लाख में मेडिकल फिटनेस सर्टिफिकेट खरीदने की बात कबूल की। थानेदार दिगम्बर प्रसाद ने बताया कि दो अगस्त 2014 को चक्कर मैदान स्थित सेना भर्ती बोर्ड के तत्कालीन उपनिदेशक सुबेदार मेजर रूप सिंह ने काजी मोहम्मदपुर थाने में दरभंगा के बहेड़ी थाना क्षेत्र के राकेश कुमार सहित दो के खिलाफ धोखाधड़ी को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
गिरफ्तारी के बाद राकेश ने पुलिस को बताया कि वे लोग मुजफ्फरपुर भर्ती बोर्ड का रेफरल लेकर गया स्थित मिलिट्री अस्पताल पहुंचे। जांच होने से पहले ही एक बिचौलिया अस्पताल परिसर में मिला। दोनों उसके प्रभाव में आ गए। बिचौलियों ने बताया था कि उनकी पहुंच ऊपर तक है। वे रुपए लेकर दोनों को फिट कर देंगे। उन्हें जांच कराने की जरूरत भी नहीं है। इसके लिए एक कैंडिडेट का पांच लाख रुपए लगेगा। तीन लाख रुपए में सौदा हुआ। दो दिन बाद दोनों को मेडिकल फिटनेस का प्रमाण पत्र दिया।






Leave a Reply