Breaking News

AIIMS में भर्ती लालू की तबीयत में सुधार, रात में खाई खिचड़ी

दिल्ली एम्स में भर्ती आरजेडी प्रमुख लालू प्रसाद यादव की हालत में सुधार हो रहा है. डॉक्टरों के मुताबिक उनकी सेहत पहले से बेहतर हो रही है. इसलिए उनका ऑक्सीजन सपोर्ट भी हटा दिया गया है. गुरुवार रात को उन्होंने खिचड़ी खाई थी और लोगों से बातें भी कीं. तेजस्वी यादव ने गुरुवार रात को ही कहा था कि लालू रिकवर कर रहे हैं. उनकी तबीयत उत्तरोत्तर ठीक हो रही है. उन्हें सघन चिकित्सा निगरानी में रखा गया है.

लालू यादव की बड़ी बेटी मीसा भारती ट्वीट कर कहा कि आप सब की दुआओं और AIIMS दिल्ली की अच्छी चिकित्सीय देख-रेख से लालू प्रसाद की तबियत में काफ़ी सुधार है. अब आपके लालू जी बिस्तर से उठकर बैठ पा रहे हैं. सहारा लेकर खड़े हो पा रहे हैं. हर मुसीबत से लड़कर बाहर आने की कला लालू यादव से बेहतर कौन जानता है! अपने मनोबल और आप सब की दुआओं की बदौलत लालू जी की स्थिति काफी बेहतर है. कृपया अफवाहों पर ध्यान ना दें. साथ बनाए रखें, दुआओं में लालू जी को याद रखें.

दरअसल 3 जुलाई को रविवार की शाम लालू यादव राबड़ी आवास में सीढ़ियों से फिसल कर गिर गए थे. जिसके बाद उन्हें कंकड़बाग के एक अस्पताल में इलाज के लिए ले जाया गया था और वहां से वो इलाज के बाद डिस्चार्ज हो गए थे. बाद में उन्हें तकलीफ बढ़ने के कारण रविवार देर रात ही पारस में एडमिट कराया गया. जहां उनका इलाज चल रहा था. पहले से ही कई तरह की बीमारियों से घिरे लालू की हालत अभी स्थिर और नियंत्रण में बताई जा रही है. डॉक्टर्स की टीम उनके हालात पर नजर बनाए हुए हैं.

Input : LiveCities

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.