आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को दिल्ली एम्स ले जाने की तैयारी तेज हो गई है. राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव पत्नी राजश्री के साथ दिल्ली के लिए रवाना हो चुके हैं. लालू यादव को एयर एम्बुलेंस से ले जाने की तैयारी है. आरजेडी सुप्रीमो के बड़े बेटे तेजप्रताप और बेटी मीसा भारती लालू यादव को लेकर दिल्ली जाएंगे. आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव सोमवार से पटना के पारस हॉस्पिटल में भर्ती हैं. डॉक्टरों के मुताबिक़ उनकी हालत फिलहाल स्थिर है. हालांकि बेहतर इलाज के लिए लालू यादव को एयर एंबुलेंस से दिल्ली ले जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है. डॉक्टर की सलाह के बाद उन्हें किसी भी समय दिल्ली एम्स शिफ्ट किया जा सकता है.
लालू प्रसाद यादव का हाल जानने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी पारस अस्पताल पहुंचे. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आरजेडी सुप्रीमो का हाल जाना. इस दौरान लालू-राबड़ी के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव भी कक्ष में अन्य लोगों के साथ मौजूद थे. साथ में राबड़ी देवी व तेजस्वी यादव भी वहां मौजूद रहे. नीतीश कुमार ने लालू यादव का हाल जाना और थोड़ी देर बाद रवाना हो गये. सीएम नीतीश ने कहा कि वो हमारे पुराने मित्र रहे हैं. जवानी के दिनों से ही हमारा नाता रहा है. उनकी हालत पहले से बेहतर है. दिल्ली में इलाज के लिए जाएंगे तो वहां सभी जांच कराएंगे. वहीं पक्ष हो या विपक्ष तमाम दलों के नेता लालू प्रसाद के स्वास्थ्य का हालचाल जान रहे हैं. बीजेपी की ओर से केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी चौबे, मंत्री नितिन नवीन और स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे के बाद बिहार सरकार में उद्योग मंत्री शाहनवाज हुसैन ने अस्पताल जाकर लालू यादव से मुलाकात की है.
मंगलवार को लालू प्रसाद के स्वास्थ्य का हालचाल लेने के लिए खुद पीएम मोदी ने तेजस्वी यादव से फोन पर बात की और शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की. पीएम मोदी के बाद कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कई नेताओं ने तेजस्वी यादव से फोन पर बात कर लालू प्रसाद के स्वास्थ्य की जानकारी ली. तेजस्वी यादव ने कहा कि यह पहले से जानकारी है कि किडनी और हार्ट का पहले से दिल्ली में इलाज चल रहा है. हमेशा उनका इलाज दिल्ली एम्स में चलता रहा है. तेजस्वी यादव ने कहा कि आज लालू यादव को दिल्ली ले जाया जाएगा. कही कोई दिक्कत ना हो, इसलिए उनको इलाज के लिए दिल्ली एम्स ले जाया जाएगा.
बता दें कि लालू प्रसाद यादव सोमवार से पटना के पारस हॉस्पिटल में भर्ती हैं. रविवार को आरजेडी सुप्रीमो घर में ही सीढ़ियों से गिर गए थे. जिसके बाद उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने लगी थी. उसके बाद उन्हें पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है. सोमवार को सुबह करीब तीन बजे लालू प्रसाद की अचानक तबीयत खराब होने की वजह से उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था. पारस एचएमआरआई अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक डॉ आसिफ रहमान के मुताबिक़ डॉक्टरों के एक पैनल ने आज सुबह लालू प्रसाद यादव की जांच की. उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और प्रगति के संकेत दिखा रहा है. उन्हें गहन चिकित्सा इकाई में निगरानी में रखा गया है.



Input : Livecities



Leave a Reply