Breaking News

ICU में हैं लालू प्रसाद:कभी-कभी ऑक्सीजन की पड़ रही जरुरत, हालत स्थिर

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद को सोमवार की सुबह साढ़े तीन बजे पटना के पारस हॉस्पिटल में लाया गया और वे लगातार पारस में भर्ती हैं। सोमवार की शाम पारस हॉस्पिटल के मेंडिकल सुपरीटेंडेंट डॉ. आशिफ रहमान ने भास्कर को बताया कि हॉस्पिटल की मल्टी डिसिप्लिनरी एक्सपर्ट टीम लगातार लालू प्रसाद की सेहत की निगरानी कर रही है। वे इन्टेंसिव केयर यूनिट में भर्ती हैं। उनका स्वास्थ्य स्थिर है और उसमें सुधार भी हो रहा है।

कभी-कभी ऑक्सीजन भी दिया जा रहा

जानकारी है कि इन्टेंसिव केयर यूनिट में जरूरत पड़ने पर लालू प्रसाद को कभी-कभी ऑक्सीजन भी दिया जा रहा है। रविवार को देर शाम राबड़ी देवी के सरकारी आवास 10 सर्कुलर रोड में अपने कमरे की सीढ़ी चढ़ते समय वे गिर गए थे और उनके दाएं कंधे की हड्डी में फैक्चर आ गया था। उन्हें कमर में भी काफी चोट आई थी। फ्रैक्चर के इलाज के बाद वे राबड़ी आवास तो आ गए लेकिन रविवार की रात में उन्हें काफी बेचैनी रही। जब परेशानी काफी ज्यादा बढ़ गई तो उन्हें सोमवार की सुबह साढ़े तीन बजे पारस हॉस्पिटल में भर्ती कराना पड़ा था।

किडनी की बीमारियों से ग्रस्त रहने के कारण ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रखना जरूरी

बता दें कि वे किडनी, हार्ट, ब्लड शुगर, ब्लड प्रेशर की बीमारी से ग्रस्त हैं। उनकी कमजोरी भी बढ़ गई है। उनकी उम्र 75 साल है और कई तरह की बीमारियों से ग्रस्त रहने के कारण ब्लड शुगर और ब्लड प्रेशर पर नियंत्रण रखना पड़ता है। किडनी के मरीज की सेहत स्थिर रखने के लिए यह जरूरी होता है।

पारस हॉस्पिटल में भी डॉक्टरों को उनकी पुरानी बीमारियों से जुड़ी दवा के साथ ही फ्रैक्चर से जुड़ी दवा को बैलेंस करना पड़ रहा है। लालू प्रसाद के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव, छोटे बटे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, बहू राजश्री यादव, पत्नी राबड़ी देवी सभी पारस हॉस्पिटल आते जाते रहे। सोमवार को पूरे दिन लालू प्रसाद के शुभचिंतकों का जमावड़ा लगा रहा। सभी उनके जल्द स्वस्थ होकर घर लौटने की प्रतीक्षा कर रहे हैं।

Comment here

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.