मुजफ्फरपुर में बाल विवाह के मामले में पंचायत ने शर्मनाक फैसला सुनाया है। मामला सकरा पंचायत का है।गनीपुर बेझा पंचायत के एक गांव की 14 साल की लड़की ने 19 साल के लड़के से यूपी में शादी की। पंचों ने इस शादी को तोड़ने के लिए लड़की वालों से कहा कि आप 50 हजार ले लो और रिश्ता खत्म करो।
इस फैसले से खुश लड़के पक्ष ने माैके पर ही 10 हजार रुपए पंचों काे दे दिए। हालांकि, इस फैसले का लड़की के भाई ने विरोध किया और पंचों से कहा कि अब मेरी बहन से शादी कौन करेगा।
जब शादी कर ही ली है ताे इसी लड़के के साथ रहेगी। पंचों के सामने गिड़गिड़ाया, लेकिन पंचों ने नहीं सुनी। जब अपनी बहन काे लेकर शिकायत करने पुलिस के पास जाने लगा, तो लड़का पक्ष के दर्जनों लाेगाें ने मिडिल स्कूल लडुआ बेझा के निकट घेर कर मारपीट की। डरा-धमका कर घर वापस भेज दिया। सकरा के थानाध्यक्ष सरोज कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत किसी ने नहीं की है। यदि शिकायत मिलती है तो त्वरित कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों काे गिरफ्तार किया जाएगा।
पिता ने झांसे में पहले दोनों को गांव बुलाया फिर आनन-फानन में बुलाई गई पंचायत
ग्रामीणों ने बताया कि एक माह पहले 14 वर्ष की लड़की और 19 वर्ष के लड़के ने घर से भागकर उत्तर प्रदेश में जाकर अंतरजातीय शादी रचा ली। इससे गांव में बहुत दिन तक हड़कंप मचा रहा।
लड़का पक्ष वाले इस फिराक में लगे रहे कि किसी तरह यह शादी टूट जाए। लड़की के भाई ने बताया कि आखिरकार लड़का पक्ष वाले मेरे पिता काे यह कह कर गांव बुलाने काे कहा कि अब दोनों यहीं पर रहेंगे।
पिता ने झांसे में आकर दोनों को यूपी से 22 जून काे गांव बुलाया। लड़के के घर की दूरी मेरे घर से मात्र आधा किमी है। फिर भी लड़का अपने परिजन के भय के कारण पूरी रात मेरे ही घर पर रहा।
23 जृून की सुबह में दोनों के गांव आने की जानकारी लोगों को हुई तो एक सुनसान जगह पर आनन-फानन में पंचायती बुलाई गई। पंचायती में पंचों ने मामले काे रफा-दफा करते हुए दूल्हा काे छोड़ने का सौदा 50 हजार रुपए में तय किया।
भाई की गुहार- बहन का जीवन बर्बाद हाे जाएगा
लड़की के भाई का कहना है कि मारपीट के दाैरान मेरे दोनों भाइयों का एक-एक मोबाइल व ड्राइविंग लाइसेंस भी छीन लिया गया। लड़का पक्ष के लाेग पिता को बरगला रहे थे, ताकि लड़की की शादी कहीं और कर दे। इससे 8वीं क्लास में पढ़ने वाली मेरी बहन का जीवन बर्बाद हाे जाएगा। मेरे ऊपर लड़के वाले नजर भी रख रहे हैं।



Leave a Reply