पटना. बिहार विधानासभा में मॉनसून सत्र के शुरू होते ही बीजेपी विधायक ने विधानसभा पहुंचते ही यह कहकर हंगामा मचा दिया कि उन्हें जान से मारने की धमकी मिली है. हरिभूषण ठाकुर बचौल ने कहा कि विधानसभा में भाग लेने के लिए पटना आ रहे थे, उस क्रम में रात 10 बजकर 38 मिनट फोनकर गाली-गलौच की गई और जान से मारने की धमकी दी गई. बचौल ने कारणों के बारे में कहा कि जेहादियों के खिलाफ आवाज उठाते रहे हैं, इसलिए धमकी दी गई है. बीजेपी विधायक हरिभूषण बचौल ने इस मामले में सचिवालय थाने में मामला दर्ज कराया है. बता दें कि हाल ही में बीजेपी के विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल को वाई श्रेणी की सुरक्षा महैया कराई गई है.
फोन पर मिली धमकी के बारे में बचौल ने बताया कि कल रात 10:38 पर एक फोन आया. उस वक्त वे मुजफ्फरपुर से गुजर रहे थे. फोन करने वाले शख्स ने पहले तो गाली-गलौच की और फिर कहा ‘इतना गोली मारेंगे कि कोई गिनने वाला नहीं होगा’. हरिभूषण ठाकुर बचौल ने इस धमकी को कायराना हरकत बताया है. उन्होंने कहा कि इस बारे में विधानसभा थाने में मामला दर्ज करा दिया है और अब विधानसबा अध्यक्ष को भी इस मामले की जानकारी दूंगा. धमकी देने वाले कौन लोग है यह पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह तो जांच का विषय है. हालांकि उन्होंने कहा कि हम अक्सर जेहादी और उन्मादी लोगों के विरुद्ध बोलते हैं तो इसलिए ऐसी धमकी हमें मिल रही है.
बता दें कि इससे पहले भी बीजेपी नेता हरिभूषण ठाकुर बचौल को जान से मारने की धमकी मिली थी. इस धमकी की एफआईआर भी उन्होंने करवाई थी. पहले मिली धमकी के बारे में बचौल कहते हैं कि उसकी एफआईआर भी कराई थी मैंने, लेकिन अबतक उसका कोई फलाफल नहीं निकला है. वह धमकी भरा फोन तो विदेश से आया था. बचौल ने कहा कि इस ताजा धमकी के बारे में अभी हम मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को भी बताएंगे.
बता दें कि अग्निपथ योजना के विरोध में किए गए हिंसक प्रदर्शन को लेकर बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर बचौल ने तीखा बयान दिया था. उन्होंने हंगामा करने वाले लोगों को जेहादी और समीकरणवादी करार दिया था. बचौल ने कहा था कि हंगामा और तोड़फोड़ करनेवाले सभी लोग जेहादी हैं. ये वही समीकरणवादी हैं जो समीकरण की बदौलत बिहार में सरकार बनाना चाहते हैं. ऐसे लोगों का मंसूबा कभी पूरा नहीं होगा. बचौल ने अग्निपथ योजना की खूबियां बताते हुए कहा था कि केंद्र सरकार युवाओं को सेना में रोजगार के साथ अच्छे पैसे भी दे रही है. सेना में जाना कोई आसान काम नहीं. सिर देकर देश की सेवा की जाती है, पर कुछ लोग युवाओं को भड़काने का काम कर रहे हैं, ये किसी जेहादी से कम नहीं.






Leave a Reply